उपमंडल के गांव डबवाली में रविवार देर सायं एक व्यक्ति पीरखाना में माथा टेकने के लिए गया था। जिस पर पुरानी रंजिश के चलते गांव के कुछ युवकों ने कुल्हाड़ी व डंडों से हमलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल चरणजीत सिंह को घायल अवस्था में शहर के चौटाला रोड स्थित सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन करवाया। इस दौरान रात्रि 10 बजे के करीब हमलावर सामान्य अस्पताल में एक बार फिर आ धमके और दोनों गुटों में खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें दोनों गुटों के कई लोग घायल हो गए। इस दौरान ड्यूटी डॉक्टर व स्टाफ कर्मी जान बचाकर इधर-उधर छुप गए। घायलों को सामान्य अस्पताल में ही उपचाराधीन करवाया गया। जबकि घायल चरणजीत सिंह की गंभीर अवस्था को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए बठिंडा के एक निजी अस्पताल में ले गए।
अस्पताल में उपचाराधीन चरणजीत सिंह के भाई आत्मा सिंह ने बताया कि उसका भाई चरणजीत सिंह पीरखाना में माथा टेकने गया था कि उस समय तथाकथित कुछ नशेड़ी युवकों ने उस पर हमलाकर घायल कर दिया। इस दौरान मेरा भतीजा सहबजोत भी घायल हो गया। आत्मा सिंह ने बताया कि चरणजीत सिंह के सिर में काफी चोटें लगी हैं और उसकी सर्जरी हुई है।
उधर, दूसरे गुट के आकाशदीप व जितेंद्र सिंह ने बताया कि उनका पैसों के लेने-देन को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसमें उनके भी दो साथी घायल हैं। इस संबंध में देसूजोधा पुलिस चौकी के एएसआई कमल कुमार ने बताया कि वह बयान कलमबद्ध करने बठिंडा गए थे, लेकिन घायल व्यक्ति बयान दर्ज नहीं करवा सकता। उन्होंने बताया कि घायलों के बयान दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।