सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में क्रिकेट बैट निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। यह पहल हरियाणा सरकार के हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत हो रही है। विश्वविद्यालय और स्पोर्ट्स, फिजिकल एजुकेशन, फिटनेस एंड लीजर स्किल्स काउंसिल (एसपीईएफएल-एससी) के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए हैं।
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर खेल उपकरणों का निर्माण बढ़ाना है। इसका लक्ष्य महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा करना भी है। मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए।
विज्ञापन
सीडीएलयू के कुलगुरु विजय कुमार और एसपीईएफएल-एससी की प्रतिनिधि पंखुड़ी गुप्ता वहां मौजूद थीं। इस पहल को एचडीएफसी परिवर्तन और राजेश राणा के नेतृत्व में प्लान इंटरनेशनल इंडिया आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी आईपीएस पंकज नैन की भूमिका भी इसमें अहम रही है।
पंखुड़ी गुप्ता ने बताया कि इकाई में शुरुआती चरण में क्रिकेट बैट तैयार किए जाएंगे। भविष्य में इसका विस्तार अन्य खेल उपकरणों तक किया जा सकता है।
स्थानीय निर्माण क्षमता और प्रशिक्षित कार्यबल विकसित होगा। परियोजना कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और उद्यमिता पर केंद्रित होगी। गुणवत्ता जांच और बाजार से जुड़ाव पर ध्यान होगा।