संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां (सिरसा)। गो रक्षक दल के सदस्यों ने वीरवार की रात सड़क से थाने तक गोवंश की तस्करी को लेकर जमकर हंगामा किया। गोवंश को भरकर ले जा रहे ट्रक सवार व्यक्ति का थाने में सिर फोड़कर घायल कर दिया। ओढां पुलिस ने घायल व्यक्ति के बयान पर गो रक्षक दल के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सहित 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने ट्रक सवार लोगों के खिलाफ भी पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
कालांवाली के गो रक्षक दल के सदस्यों को सूचना मिली थी कि पंजाब के खन्ना से गोवंश से भरा एक ट्रक आ रहा है। ट्रक जैसे ही ओढां थाना क्षेत्र में पहुंचा तो गो रक्षक दल के सदस्यों ने ओढां पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ट्रक को रुकवा लिया और थाने में ले आई। वहीं दल के सदस्य भी थाने में पहुंच गए। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 10 गाय व 3 बछड़े मिले थे, जिन्हें पुलिस ने ओढां गोशाला में पहुंचाया। पुलिस जब ट्रक में सवार तीनों आरोपियों को थाने में लाई तो इसी दौरान थाना परिसर में गो रक्षक दल के एक सदस्य ने बेसबॉल बैट से आरोपी रईस का सिर फोड़ दिया। हमले में घायल रईस को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने घायल के बयान पर गो रक्षक दल के 14 सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं गो रक्षक दल के एक सदस्य के बयान पर पुलिस ने पशु क्रूरता के आरोप में ट्रक सवार गांव बिलासपुर (यूपी) निवासी रईस व देवेन्द्र कुमार तथा दिल्ली निवासी संजीव लांबा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रातभर हुआ हंगामा, थाने में अतिरिक्त पुलिस बल रहा तैनात
गो रक्षक दल के सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद थाने में रातभर काफी हंगामा चलता रहा। सूत्रों के मुताबिक गो रक्षक दल के पदाधिकारियों व अनेक राजनीतिक लोगों के रातभर थाने में फोन घनघनाते रहे। हंगामे के मद्देनजर शुक्रवार को ओढां थाने में अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस ने इन पर मामला किया है दर्ज
पुलिस ने घायल रईस के बयान पर ओढां पुलिस ने गो रक्षक दल के 14 सदस्यों के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। घायल रईस के मुताबिक वे पंजाब से 10 दुधारू गाय व 3 बछड़े लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे, लेकिन गो रक्षक दल के सदस्यों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने गो रक्षक दल के जिलाध्यक्ष कालांवाली निवासी विनोद कुमार, जसपाल, जसप्रीत सिंह, दीपक, रोहित, संजीव कुमार, गुरदीप व अरफ खान, मंडी डबवाली निवासी समीर व विकास, बठिंडा निवासी दलजीत सिंह तथा फाजिल्का निवासी सन्नी, राहुल व धर्मेन्द्र के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वर्जन -
गो रक्षक दल के फोन के बाद पुलिस ने ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली तो उसमें 13 गोवंश पाए गए। पुलिस जब आरोपियों को थाने में ला रही थी तो गो रक्षक दल के सदस्य ने एक आरोपी पर हमला कर दिया। इस मामले में गो रक्षक दल के 14 लोगों के खिलाफ तो वहीं दूसरी तरफ ट्रक सवार 3 लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। इस मामले में जांच उपरांत अन्य कार्रवाई की जाएगी। गो रक्षक दल के 14 सदस्यों को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 30 मई तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ट्रक सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिन्हें रिमांड पर लिया जाएगा।
- अनिल सोढ़ी, थाना प्रभारी (ओढां)