सिरसा। जिले में मंगलवार को नाथूसरी चोपटा में एक मरीज कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके बाद विभाग ने उसे होम आइसोलेट किया है। वहीं, डबवाली के नागरिक अस्पताल में मंगलवार को मॉक ड्रिल की गई। जिसमें मौखिक तौर पर ही कर्मचारियों को कोविड के बचाव के लिए ट्रेनिंग देकर तैयारियों का जायजा लिया गया। हालांकि यहां पर न तो मरीज की जांच की गई और न ही उपकरणों की स्थिति जांची।
वहीं मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 120 संदिग्धों के सैंपल लिए गए हैं। जिसमें से 119 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट आना शेष है। जिले में एक नया कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिले में कुल सात सक्रिय मरीज हो गए हैं। जिनमें से एक मरीज का इलाज प्राइवेट अस्पताल तो छह मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। जिले में अब तक कुल सात लाख 38 हजार 229 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से अब तक 34 हजार 238 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है। वहीं जिले में अब तक कुल 33 हजार 684 लोगों ने कोरोना को मात दी है। जिले में अब तक 547 मरीजों की कोरोना के कारण मौत हो गई है।
विभाग के पास अभी तक नहीं पहुंची किट
जिले में कोरोना जांच के लिए विभाग की ओर से चार दिनों की किट की मांग की गई है। लेकिन अभी तक विभाग के पास लैब में जांच के लिए किट नहीं पहुंच पाई है। अभी भी अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में संदिग्धों के सैंपल भेजे जा रहे हैं। ऐसे में मरीजों को भी समय पर रिपोर्ट नहीं मिल पा रहे। विभाग की ओर से मंगलवार को 120 के सैंपल भेजे गए हैं। जिनमें से 119 की रिपोर्ट आना शेष है।