चोपटा (सिरसा)। गांव जमाल में बरूवाली रोड पर स्थित सोलर प्लांट की साझेदारी के विवाद में मंगलवार दोपहर ठेकेदार सुभाषचंद्र की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने सुभाषचंद्र के दोस्त पर भी गोली चलाई जो उसके लगी नहीं। शाम तक इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। पुलिस ने शव को जिला नागरिक अस्पताल में रखवाया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि सुभाषचंद्र दोपहर करीब डेढ़ बजे सोलर प्लांट में अपने कार्यालय में एक दोस्त के साथ बैठा था। इसी दौरान जमाल की ओर से आई एक कार से तीन बदमाश प्लांट के आगे उतरे। कुछ देर इधर-उधर देखने के बाद कार्यालय में पहुंचे और सुभाषचंद्र पर गोली चला दी जो उसकी पीठ में लगी। एक बदमाश ने उसके दोस्त पर फायर किया जो उसके नहीं लगा। गोली चलने की आवाज सुनकर प्लांट में काम कर रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे तब तक हमलावर भाग गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सुभाषचंद्र को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्लांट में तीन दिन पहले भी गोली चलाई गई थी। इस संबंध में सुभाष ने जमाल चौकी में शिकायत दर्ज करवाई थी।
पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। सीआईए समेत पुलिस की चार टीमें गठित कर दी गई हैं जो बदमाशों के भागने के रास्ते को ट्रैक कर तलाश में जुटी हैं। फिलहाल परिजनों ने बयान दर्ज नहीं करवाए हैं। प्रारंभिक जांच में सुभाष का अपने साझेदारों के साथ विवाद की बात सामने आई है। - दीपक साहरण, पुलिस अधीक्षक सिरसा
-