ऐलनाबाद। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) वीरेंद्र सहरावत ने बिजली अधिकारियों के संपर्क नंबर पंचायत घरों में चस्पा करवाने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीण अधिकारियों से संपर्क कर गांव में बिजली से संबंधित समस्या या शिकायत कर सकें। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के साथ अन्य सामान खरीदने के लिए मजबूर करने वाले विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एडीसी ने बताया कि जिला प्रशासन गांवों में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसके तहत ऐलनाबाद के गांव बेहरवाला खुर्द में सोमवार को रात्रि ठहराव किया गया। इसके तहत उन्होंने शहीद राधेश्याम भाकर उच्च विद्यालय में शिविर लगाकर जनसमस्याएं सुनीं।
इससे पहले एडीसी ने स्कूल परिसर में लगी शहीद राधेश्याम भाकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने गांव के पुस्तकालय का भी निरीक्षण कर वहां आने विद्यार्थियों से सुविधाओं और अन्य जरूरतों की जानकारी ली।
एक पेड़-मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर एडीसी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। वहां लगे शिविर में 105 शिकायतें आईं। किसानों ने उनसे कहा कि डीएपी की भारी किल्लत है। इसलिए खाद के साथ अन्य सामान खरीदने के लिए भी मजबूर करने का आरोप लगाया। इस कारण फसलों के लिए खाद खरीदना मुश्किल हो गया है।
एडीसी ने कृषि अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि ऐसे खाद विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाए। खाद की दुकानों का निरीक्षण करें और ऐसी कोई भी शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए।
एसडीएम पारस भागोरिया, सीईओ जिला परिषद डाॅ. सुभाष चंद्र, डीएसपी संजीव कुमार, सीएमओ डाॅ. महेंद्र भादू, डीएफएससी मुकेश कुमार, एसएचओ प्रगट सिंह, जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार आदि ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान सरपंच बबीता कुमारी, सरपंच मौजूखेड़ा सुरेंद्र सिंह, सरपंच सत्यनारायण, सरपंच शेखूखेड़ा जसकरण सिंह, पूर्व सरपंच सतपाल भाकर, पूर्व सरपंच विजय नूनीवाल, विनोद पूनिया, रामचंद्र थ्योरी, रामचंद्र भाकर, सुरेंद्र सहारण आदि मौजूद थे।
-दो इनसेट
विकास में सहयोगी बनें ग्रामीण तो जनसमस्याओं का त्वरित होगा समाधान :
एडीसी सहरावत ने कहा कि प्रशासन का गांव में रात्रि ठहराव का उद्देश्य यही है कि ग्रामीणों की समस्याओं को नजदीक से समझा और सुना जाए, ताकि उनका स्थायी समाधान हो सके। ग्रामीणों को भी इसमें सहयोगी बनना चाहिए ताकि गांव के विकास के साथ-साथ गांव में भाईचारे को भी मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि शिविर में जितनी भी समस्याएं या शिकायतें आईं हैं, उनका प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही पंचायत की ओर से मिले मांग पत्र को भी पूरा कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
-
पांच फुट ऊंचा लगाया मंच
खुले दरबार में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के लिए पहुंचे अधिकारियों के लिए सरपंच और पंचायती राज विभाग के कर्मचारियों ने पांच फुट ऊंचा मंच बना दिया। इससे शिकायतकर्ताओं को अपनी शिकायत को सुनाने में काफी परेशानी हुई। इसी कारण ग्रामीणों को माइक का प्रयोग करना पड़ा। इससे बचने के लिए कई महिलाएं और ग्रामीण अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष नहीं रख सके। कार्यक्रम में बेहरवाला गांव के अजय कुमार ने सरपंच और मेट पर मिलीभगत करके घर बैठे तनख्वाह देने का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की। ग्रामीण ताराचंद ने स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने, ग्रामीण दयाराम ख्यालिया और साहब राम ने टेल तक सिंचाई पानी पहुंचाने, अन्य किसानों ने खाद, बीज, बिजली संबंधित समस्याएं बताईं। घरेलू हिंसा के मामलों में महिलाओं के आंसू छलक उठे। मंच पर मौजूद सरपंच भी घूंघट से बाहर नहीं निकल सकीं।