संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गर्मी शुरू होने के साथ ही बिजली की खपत बढ़ गई है। प्रतिदिन जिले में 10 लाख यूनिट से ज्यादा खपत होनी शुरू हो गई है। पहले प्रतिदिन करीब 47 लाख यूनिट खर्च होती थी, अब ये आंकड़ा साढ़े 57 लाख को पार कर गया है। ऐसे में बिजली निगम ने फैसला किया है कि शहरी क्षेत्र में 10 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं एक नया सब स्टेशन बनाने का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है। इसे मंजूरी मिलते ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
मार्च में गर्मी असर दिखाने लगी है। पिछले 10 दिन के दौरान तापमान 26 डिग्री से बढ़कर अब 31 डिग्री से भी ज्यादा होने लगा है। सूर्य की तपिश तेज होती जा रही है। गर्मी बढ़ने से अब बिजली की खपत पर भी सीधा असर पड़ा है। पानी की आपूर्ति भी बढ़ चुकी है, लेकिन बिजली को लेकर ज्यादा चिंता है। लोड बढ़ने से अब ट्रिपिंग की भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए बिजली निगम अधिकारियों ने व्यापक स्तर पर योजना तैयार की है ताकि गर्मियों में आमजन को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। ऐसे में निगम अधिकारियों ने पूरे जिले का निरीक्षण करवाकर आकलन किया। इसके तहत सिरसा सिटी के 10 एरिया का चयन किया गया है। इन एरिया में ट्रांसफार्मरों को बदला जाएगा। अब पुराने की जगह नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। 100 किलोवाट के ट्रांसफार्मर लगने से बिजली समस्या का समाधान हो सकेगा। इसके अलावा शहर में एक नया सब स्टेशन बनाने को लेकर भी निगम अधिकारियों ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इस प्रस्ताव को मुख्यालय भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू होगी। नया सब स्टेशन बनने से राहत मिलेगी।
चार नए सब स्टेशन हुए शुरू, ग्रामीण इलाकों को मिलेगी राहत
पिछले वर्ष जिन गांवों में बिजली किल्लत का सामना करना पड़ा, उन गांवों पर भी निगम अधिकारियों ने फोकस किया। इन गांवों में नए सब स्टेशन शुरू करवाए गए हैं। बताया जा रहा है कि जिला के गांव मौजदीन और डबवाली क्षेत्र के भी तीन गांवों में नए सब स्टेशन शुरू करवाए गए हैं। करीब 10 दिन पहले ही नए सब स्टेशनों ने काम करना शुरू कर दिया है। अब इन गांवों के लोगों को बिजली किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पिछले 10 दिन का तापमान
10 मार्च 31.1 डिग्री
09 मार्च 30.0 डिग्री
08 मार्च 31.0 डिग्री
07 मार्च 29.4 डिग्री
06 मार्च 30.0 डिग्री
05 मार्च 29.0 डिग्री
04 मार्च 28.6 डिग्री
03 मार्च 28.0 डिग्री
02 मार्च 27.4 डिग्री
01 मार्च 26.2 डिग्री
शहर में सर्वे करवाया गया है। उन इलाकों की पहचान की गई है जहां बिजली खपत ज्यादा है और ओवरलोड की समस्या आ रही है। ऐसे में अब इन जगहों पर नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे ताकि ओवरलोड की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके अलावा एक नया सब स्टेशन स्थापित किया जाना है। इसका प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने पर आगे की प्रक्रिया पूरी करेंगे। -मोहन लाल जांगड़ा, एसडीओ, सिटी डिविजन, बिजली निगम, सिरसा।