सिरसा। सोमवार को सिरसा-कसुंबी मार्ग पर गांव कंवरपुरा में एक रोडवेज बस परिचालक के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि बस में सवार एक युवक ने परिचालक नरेंद्र के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर उसने मारपीट भी की। यह एक माह में रोडवेज कर्मचारियों के साथ मारपीट की तीसरी वारदात है।
परिचालक नरेंद्र ने बताया कि शाम को कोटली में सवारियां उतारी जा रही थीं। इसी दौरान एक युवक बार-बार बस रोकने को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। नरेंद्र ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। बस कंवरपुरा पहुंची तो युवक ने नरेंद्र का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपी घटना के बाद बस से उतरकर फरार हो गया। परिचालक ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है। घायल परिचालक का जिला नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
रोडवेज यूनियन के प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर ने बताया कि यह डिपो कर्मचारियों के साथ एक माह में तीसरी घटना है। निदेशालय ने भी इन घटनाओं पर संज्ञान लेने के लिए महाप्रबंधक को पत्र लिखा है। इसके बावजूद डिपो अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। यूनियन प्रधान ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो कर्मचारी आंदोलन करेंगे।