Complaint against singer Ranjit Bawa, demand for action
- फोटो : Sirsa
भारत रक्षा मंच हरियाणा ने डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक सिरसा को शिकायत देकर पंजाबी गायक रंजीत बावा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक सिरसा ने मामले की जांच डीएसपी आर्यन चौधरी को सौंपी है। शिकायत में मंच के प्रदेश महामंत्री विशु हिंदुस्तानी उर्फ विशाल कुमार ने कहा है कि पंजाबी गायक रंजीत बावा की ओर से यू-ट्यूब व अन्य सोशल साइट्स पर अपलोड गीत मेरा की कसूर में हिंदू धर्म पर अभद्र टिप्पणी की गई है। शिकायत में विशाल कुमार ने कहा है कि हिंदू धर्म में शिव जी के शिवलिंग को पूजा जाता है और गो को माता माना जाता है, लेकिन रंजीत बावा के इस गीत में दोनों पर अभद्र टिप्पणी की गई है, जिसे हिंदू धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंची है। कोरोना महामारी में जहां देश एकजुट होकर लड़ रहा है, वहीं इस तरह के गीत से समाज को लड़वाने का काम किया जा रहा है, जोकि गलत है। इसलिए गायक रंजीत बावा, गीत के लेखक बीर सिंह व गीत को प्रमोट कर रहे यूट्यूब व अन्य सोशल साइट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और इस गीत को हटाया जाए। इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाए। विशु हिंदुस्तानी ने शिकायत की प्रति गृह मंत्री भारत सरकार व गृह मंत्री हरियाणा को भी भेजी है।