डबवाली में गांवों में नशा मुक्त कमेटियाें का गठन करती पुलिस। स्रोत : पुलिस
डबवाली । गांवों में नशे को रोकने के लिए गांव गांव जाकर पुलिस ग्रामीणों के सहयोग से कमेटियों का गठन कर रही है। इसका मकसद गांव में नशा बेचने व खरीदने वाले दोनों पर कार्रवाई करना है ताकि गांव नशा मुक्त हो सके। साथ ही ग्रामीण अपनी युवा पीढ़ी को नशे से बचा सके।
इस कड़ी में सोमवार को प्रभारी चौकी चौटाला उप निरीक्षक आनंद कुमार ने गांव लोहगढ़, जोता वाली, आसाखेड़ा व भारुखेड़ा में ग्रामीणों को एकजुट कर नशे के खिलाफ कमेटियां गठित की गई। प्रभारी चौकी चौटाला ने बताया कि इन कमेटियों में गांव के युवाओं व ग्रामीणों को शामिल किया गया है जो नशे की तस्करी से संबंधित सूचना पुलिस को देंगे। पुलिस सूचना के आधार पर नशा बेचने व खरीदने वाले दोनों पर कार्रवाई करेगी। डबवाली पुलिस की नशा मुक्त समाज मुहिम को नई दिशा देने में यह पहल बहुत कारगर सिद्ध होगी ।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में खेल एसपीओ की ओर से सरपंच के सहयोग से गांव मटदादू, चकजालू, नुहियांवाली व अन्य गांवों में पहले ही कमेटियां बनाई जा चुकी हैं। यह कमेटियां विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों का आयोजन करती हैं और खेल सुविधाओं को बढ़ावा दे रही हैं। इसका मकसद है कि युवा गलत संगत में पड़कर अपना जीवन बर्बाद न करें।
बच्चों की गतिविधियों पर रखें नजर :
उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वह अपने बच्चों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखे। कहीं भी कुछ गतिविधि संदिग्ध लगे तो उनका मार्गदर्शन कर इस दलदल में से निकलने में सहायता करें व उनका मार्गदर्शन करें ।