चोपटा। गांव गुड़ियाखेड़ा के युवाओं ने भाईचारे और गोसेवा की मिसाल कायम की है। आमतौर पर सोशल मीडिया के जरिए कई प्रकार की मुहिम लोगों को चलाते सुना और देखा है। इसी तर्ज पर गुड़ियाखेड़ा के युवाओं ने गांव में नई गोशाला के निर्माण का संकल्प लेते हुए वाट्सएप के जरिये चंदा एकत्रित करने का निर्णय लिया। मात्र 7 दिन में युवाओं ने 7 लाख 7 हजार रुपये एकत्रित करके गोशाला को सौंपने का कार्य किया है।
गोशाला कमेटी ने युवाओं की इस मुहिम की सराहना की और गांव के सभी लोगों को गौशाला से जुड़ने का निवेदन किया। ताकि नव निर्माण जल्द शुरू हो सके। युवाओं ने सोशल मीडिया के जरिये माई विलेज माई प्राउड नाम से वॉट्सएप ग्रुप बनाया हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक इस ग्रुप में राजनीतिक बहस चल रही थी। इस दौरान गोशाला के लिए नेताओं से दान लेने की बात चली। बहस जब दान की बात पर आई तो ग्रुप में एक साथी ने लिखा कि दान देना है तो क्यों न, हम सब ही गोशाला के लिए दान देने की शुरुआत करें। यह बात शुरू होते ही एक दानी सज्जन ने 2100 रुपये गोशाला के शेड निर्माण के लिए देने का मेसेज लिखा। यह मैसेज लिखते ही दान देने वालों की ऐसी लाइन लगी कि मात्र 7 दिन में 7 लाख से अधिक की दान राशि एकत्रित हो गई। रविवार को नई गोशाला में युवाओ ने प्रोग्राम रखा और गोशाला कमेटी के प्रधान पूर्णमल गोदारा को सात लाख का चेक सौंपा। प्रधान ने इस मुहिम की सराहना की और युवाओं को गोशाला से जुड़े रहने की अपील की।