सिरसा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार शाम करीब तीन बजे को सिरसा पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पीडब्लयूडी रेस्ट हाउस में बीजेपी कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। सवा दो घंटे तक ये बैठक चली। इसके बाद सीएम बाहर आए तो तो लोगों ने उन्हें अपनी शिकायतें सौंपनी शुरू कर दी। मुख्यमंत्री ने हर शख्स की शिकायत ली। इसी दौरान एक युवक ने रोते हुए सीएम सैनी से गुहार लगाते हुए कहा कि सीएम साहब मेरी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एसपी से भी मिला लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद सीएम सैनी ने एसपी को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मीडिया से बातचीत में युवक ने बताया कि उसका नाम विनोद कुमार है। उसने कार एजेंसी के मालिक राजा मक्कड़ से जमाल में सब डीलरशिप ली थी। विनोद का आरोप है कि राज मक्कड़ ने उसे फाइनेंस वाले वाहन सप्लाई किए। आरोप है कि उसके साथ 67 लाख रुपये का स्कैम किया। विनोद ने बताया कि वो इस मामले को लेकर चंडीगढ़ में सीएम सैनी से 27 जुलाई को मिला था। सीएम ने सिरसा डीसी को कार्रवाई के लिए कहा था। इसके बाद डीसी ने सिरसा एसपी को शिकायत भेज दी। एसपी ने कहा कि ये मामला लेनदेन का है इसमें पुलिस कुछ नहीं कर सकती।
कांग्रेस नेता ने सीएम को पेन ड्राइव सौंपी
अधिकारियों के साथ बैठक के बाद सीएम मुख्य कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए तो उन्होंने अपना काफिला प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा के निवास के सामने रुकवा लिया। राजकुमार सड़क किनारे अपने समर्थकों के साथ खड़े थे। उन्होंने सीएम को एक पेन ड्राइव सौंपी। कांग्रेस नेता ने ने बताया कि इस पेन ड्राइव में सिरसा शहर के हालात से संबंधित वीडियोग्राफी उन्होंने सीएम को दी है। शहर की सड़कें टूटी हुई हैं। सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। सीएम सैनी के संज्ञान में लाने के लिए उन्होंने पेन ड्राइव में शहर के सारे हालात बयां करती वीडियो व फोटो डाली और सीएम सैनी को सौंप दी। उम्मीद है कि सीएम सैनी इस पर संज्ञान लेंगे।