मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से चौ. देवी लाल विश्वविद्यालय सिरसा में विधि विभाग के छात्रों के लिए 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हुए डॉ. अंबेडकर भवन और लगभग नौ करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुए सावित्री बाई फूले महिला छात्रावास का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने क्लिक के साथ लगभग 28 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले टीचिंग ब्लॉक-चार और लगभग तीन करोड़ की लागत से स्थापित होने वाले हर्बल पार्क का शिलान्यास किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इन्फोरमेशन एंड कम्युनिकेशन, टेक्नोलॉजी की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति को सही दिशा और दशा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं के कौशल को विकसित करने के लिए पलवल में कौशल विकास विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 10 फरवरी को प्रदेश के 22 महाविद्यालयों का शिलान्यास भी ऑनलाइन किया जाएगा, जिसमें कालांवाली का राजकीय महाविद्यालय भी शामिल है। उन्होंने कहा कि खेलों से संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है और ग्रामीण क्षेत्र में छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से प्रदेश के प्रत्येक गांव में व्यायामशालाएं स्थापित की जा रही हैं।
स्पोर्ट्स स्कूल राई का दर्जा बढ़ाकर खेल विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जा रहा है, ताकि हरियाणा के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं मुहैया करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रदेश सरकार खेल महाकुंभ मनाने जा रही है और महिला शिक्षा और युवाओं को संस्कार प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता पर है। स्वर्ण जयंती वर्ष के तहत प्रत्येक जिले में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है और इस कड़ी में शीघ्र ही सिरसा जिले में भी बड़े स्तर का कार्यक्रम आयोजित करवाया जाएगा।
सरकार सीडीएलयू को देगी हरसंभव मदद : शर्मा
कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा के शिक्षा मंत्री प्रो. राम बिलास शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया कि सीएम के नेतृत्व में शिक्षा का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार कायत को बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि इस विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। कुलपति प्रो. कायत ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।
उन्होंने बताया कि यहां के विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। विद्यार्थियों ने अनेक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। मंच का संचालन प्रो. पंकज शर्मा ने किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आसीम मिगलानी ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्यमंत्री मनोहर लाल और अन्य गणमान्य लोगों का धन्यवाद किया। उच्चतर शिक्षा के प्रधान सचिव महावीर प्रसाद , मुख्यमंत्री के निजी सचिव राजेश कुमार, पूर्व मंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय अनुशासन समिति के अध्यक्ष प्रो. गणेशीलाल, डीसी शरणदीप कौर बराड़, जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, नगराधीश वेद प्रकाश बैनीवाल, प्रदेश चिकित्सक संयोजक डॉ. वेद बैनीवाल, प्रो. दीप्ति धर्माणी, प्रो. विक्रम, प्रो. सुल्तान, प्रो. सुरेश गहलावत, प्रो. जेएस जाखड़, प्रो. रविंद्र पाल, प्रो. मोनिका, प्रो. दिलबाग सिंह, गैर शिक्षक संघ के प्रधान महेंद्र बैनीवाल, डॉ. अशोक मक्कड़, कुलदीप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित थे।