संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला के नागरिक अस्पताल के बच्चा वार्ड में मरीजों को शुद्ध और संतुलित वातावरण देने के लिए 39.5 लाख रुपये की लागत से एयर हैंडलिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। यह अत्याधुनिक सिस्टम वार्ड में हवा की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ तापमान को नियंत्रित करने में भी मदद करेगा।
नागरिक अस्पताल में प्रधान चिकित्सक ने बताया कि इस सिस्टम के लगने से वार्ड में संक्रमण का खतरा कम होगा और मरीजों को स्वस्थ वातावरण मिलेगा। इसके अलावा, डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों को भी काम करने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध होगा। इसको लेकर अस्पताल प्रबंधन की और से करीब दो साल पहले पत्राचार किया गया था। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि एयर हैंडलिंग सिस्टम लगाने का कार्य शुरू हो चुका है और जल्द ही इसे पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा।
:::::::::::::::::::::::::::
क्या है एयर हैंडलिंग सिस्टम
एयर हैंडलिंग सिस्टम एक आधुनिक तकनीक है, जो किसी भी बंद स्थान में वायु प्रवाह को नियंत्रित करने का कार्य करता है। यह हवा को फिल्टर कर उसमें मौजूद बैक्टीरिया और अन्य हानिकारक कणों को हटाने में सक्षम होता है। इसके अलावा, यह तापमान को अनुकूल बनाए रखता है। जिससे मरीजों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
1200 मरीजों की होती है रोजाना ओपीडी
जिले में कई दिनों से मौसम में काफी बदलाव हो रहा है। इसका असर सीधे तौर पर आमजन पर पड़ रहा है। इससे अधिकतर लोग वायरल, बुखार और गले के संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। इस कारण नागरिक अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। नागरिक अस्पताल में गला दर्द और वायरल बुखार पीड़ित करीब 120 मरीज रोजाना आ रहे हैं। इसके अलावा कुल ओपीडी करीब 1200 तक होती है।
कोट्स
नागरिक अस्पताल में बच्चा वार्ड में एयर हैंडलिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। इसको लेकर अस्पताल प्रबंधन की और से करीब दो साल पहले पत्राचार किया गया था। इसके बाद अब इसका काम चल रहा है। -डाॅ. महेंद्र सिंह भादू , सिविल सर्जन नागरिक अस्पताल सिरसा।