सिरसा। नागरिक अस्पताल के पुराने भवन का ही प्रशासन की ओर से अब बड़े स्तर पर मरम्मत कार्य करवाया जाएगा। इस कार्य के लिए उपायुक्त की ओर से सर्वे टीम का गठन भी किया गया। टीम अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद उसकी स्थिति और भवन के किस किस क्षेत्र में मरम्मत कार्य करवाया जाना है इसका चयन करेगी। ताकि भवन जर्जर होने से बचाया जा सके और मरीजों को इसी भवन में सुविधा दी जा सके।
नागरिक अस्पताल के दो मंजिला भवन का 36 वर्ष पहले वर्ष 1986 में निर्माण किया गया था। देखरेख के अभाव और मरम्मत कार्य समय पर न होने के कारण भवन अब कंडम होना शुरू हो चुका है। भवन में स्थित खराब होने के कारण आरटीपीसीआर लैैब की छत भी पहले गिर चुकी है। 200 बेड के नए भवन के निर्माण को लेकर अभी जगह का चयन नहीं हो पाया है। जिसके कारण जिला प्रशासन ने अब पुुराने भवन की मरम्मत करने का निर्णय लिया है। जिसके लिए उपायुक्त ने सर्वे टीम का गठन किया है। जिसमें जिला प्रशासन सहित पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारी भी शामिल होंगे। टीम नागरिक अस्पताल के पूरे भवन का निरीक्षण करेंगी। ग्राउंड फ्लोर, पहली व दूसरी मंजिल की दीवारें, छत, फर्श और पिलरों की स्थिति जांचेंगी। जिसके बाद उसकी मरम्मत का काम करवाया जाएगा।
कई स्थानों से भवन की दीवारें, फर्श और छत हो चुकी है कंडम
नागरिक अस्पताल के दो मंजिला भवन की कई स्थानों से दीवारें, फर्श और छत भी कंडम हो चुकी है। जिसके कारण हादसा होने का भी डर बना रहता है। अस्पताल के भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित आरटीपीसीआर लैब की छत और एक दीवार भी गिर चुकी है। जिसके बाद वहां से दीवार को ही हटा दिया। वहीं भवन के अन्य स्थानों से भी पिलरों के सरिये और सीमेंट उखड़ा हुआ दिखाई देता है।
जब तक नया भवन नहीं होता तैयार पुराने भवन में ही चलाया जाएगा कार्य
सरकार की ओर से नागरिक अस्पताल के पुराने भवन को ही 200 बेड का घोषित कर दिया गया था। लेकिन अभी इस भवन में 120 के लगभग बेड लगाए गए हैं। जबकि 100 बेड लगाने की ही क्षमता है। मरीजों को सुविधा देने के लिए विभाग की ओर से अपने स्तर पर ही बेडों की संख्या को बढ़ाया गया है। ताकि मरीजों को दाखिल कर उनको इलाज की सुविधा दी जा सके। नए भवन के निर्माण को लेकर विभाग की ओर से जगह का चयन भी किया जा रहा है। लेकिन अभी तक जगह फाइनल नहीं हो पाई है। जब तक नए भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं होता तब तक पुराने भवन में ही मरीजों की जांच की जाएगी।
नागरिक अस्पताल के 200 बेड के लिए जगह की तलाश की जा रही है। अभी पुराने भवन का ही मरम्मत कार्य करवाया जाएगा। इसके लिए सर्वे टीम का गठन किया है। टीम अस्पताल के भवन का निरीक्षण करेगी और इसके पश्चात मरम्मत का कार्य करवाया जाएगा।
-अजय सिंह तोमर, उपायुक्त, सिरसा।