चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) से संबद्ध कॉलेजों की परीक्षाएं सोमवार से प्रारंभ होंगी। इन परीक्षाओं में किन्हीं पांच प्रश्नों को हल करने की छूट देने संबंधी अधिसूचना जारी न होने पर नेशनल कॉलेज के विद्यार्थियों ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले शुक्रवार सुबह बरवाला रोड स्थित उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास का घेराव करने पहुंचे। यहां विद्यार्थियों ने आवासीय कार्यालय प्रभारी हरि सिंह भारी को मांग पत्र सौंपा। इसके अलावा विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुलतान सिंह को मांग पत्र सौंपा।
उल्लेखनीय है कि सीडीएलयू से संबंधित कॉलेजों में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षा आठ मार्च से शुरू होगी। पिछले कई दिनों से विद्यार्थी प्रश्न पत्र से किन्हीं पांच प्रश्नों के हल करने की मांग कर रहे हैं। सीडीएलयू प्रशासन को पूर्व में भी तीन बार विद्यार्थियों द्वारा मांग पत्र सौंपा जा चुका है। इसी कड़ी में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बैनर तले शुक्रवार को नेशनल कॉलेज बीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थी बरनाला रोड स्थित उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास का घेराव करने पहुंचे। पुलिस बल ने डिप्टी सीएम के आवास के पहले अवरोधक लगाकर रास्ता बंद कर लिया। इसके बावजूद छात्रों ने चौक पर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राें के एक प्रतिनिधिमंडल को डिप्टी सीएम के आवास के कार्यालय प्रभारी हरी सिंह से मुलाकात कराई गई। छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने उनको मांग पत्र सौंपा। इसके पश्चात विद्यार्थी विश्वविद्यालय पहुंचे और कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर धरना दिया। जिसके पश्चात डीन ऑफ कॉलेजिज जेएस जाखड़ छात्रों की समस्या सुनने पहुंचे, वहीं छात्र कुलपति से मिलने की मांग पर अड़े रहे। कुलपति अजमेर सिंह मलिक के न होने पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुलतान सिंह से छात्र मिले और उनको मांग पत्र सौंपा।
विद्यार्थी बोले, कक्षाएं न लगने के कारण पाठ्यक्रम अधूरा
विद्यार्थी सुमित कुमार, साहिल कांगड़ा, रशपाल सिंह, सुमन, हरप्रीत कौर, करणजीत कौर, जसप्रीत, मिनाक्षी, कमल, सिमरन, नेहा ने बताया कि लॉकडाउन के कारण उनकी ऑनलाइन कक्षाएं लगी। लेकिन नेटवर्क की समस्या होने के कारण पाठ्यक्रम अधूरा रहा। जिस वजह से परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हुई। जबकि विश्वविद्यालय परीक्षाओं में न तो पाठ्यक्रम घटा रहा और न परीक्षाओं की तिथि को आगे बढ़ा रहा है। जिसके कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रश्न पत्र के यूनिट में से किन्हीं पांच प्रश्नों को करने की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने मांग पत्र सौंपा है। विद्यार्थियों का मांग पत्र कुलपति को सौंप दिया जाएगा। जल्द ही विद्यार्थियों की समस्या का समाधान किया जाएगा।
- प्रो. सुलतान सिंह, परीक्षा नियंत्रक, सीडीएलयू सिरसा