नगर परिषद कार्यालय में डाटा फीड करते सक्षम युवा।
- फोटो : Sirsa
नप ने शहर में परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए सर्वे शुरू किया गया है। परंतु सर्वे करने के बाद डाटा फीड करने के लिए वार्डों में कंप्यूटर सेंटर नहीं बन पाए। ऐसे में अब लोगों को अपना परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए नगर परिषद कार्यालय में आना होगा।
नगर परिषद ने कुछ दिनों पहले परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए शहर में 350 सक्षम युवाओं की ड्यूटी लगाई थी। मगर इसमें से 100 सक्षम युवा ही सर्वे के काम में लगे हैं। जो सक्षम युवा सर्वे नहीं कर रहे, अब नगर परिषद ने उनकी सूची तैयार करके रोजगार विभाग को भेज दी है। वहीं प्रत्येक वार्ड में बनाए गए दस सक्षम युवाओं की टीमें भी सही तरीके से कार्य नहीं कर पा रही थी। क्योंकि सक्षम युवाओं में आपस में कुछ मतभेद हो गए। इसलिए परिवार पहचान पत्र बनाने के अधिकृत किए गए नोडल अधिकारी ने सभी टीमों को वापस बुला लिया। अब केवल तभी सर्वे टीम भेजी जाएगी, जब वार्ड पार्षद वार्ड के लोगों के परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए सर्वे टीम की जिम्मेदारी लेंगे। इसलिए अब नगर परिषद ने लोगों को परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए नप कार्यालय में ही बुलाना शुरू कर दिया है।
डाटा अपलोड करवाने के लिए कुल चार ही कंप्यूटर
नप में कार्यरत सक्षम युवाओं को डाटा अपलोड करने के लिए केवल चार ही कंप्यूटर मिले हैं। इसके अतिरिक्त नेशनल कॉलेज में दो कंप्यूटर और ई दिशा केंद्र में चार कंप्यूटर दिए गए है। सक्षम युवा डाटा इकट्ठा करके ऑनलाइन भरने के लिए दोनों जगहों पर जाते हैं।
कोट्स
लोगों को परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए कार्यालय में ही बुलाया जाता है। जो वार्ड पार्षद अपनी जिम्मेदारी पर वार्ड में सर्वे करवाना चाहता है, वहीं पर ही टीम भेजी जाएगी।
विपिन, नोडल अधिकारी, परिवार पहचान पत्र, नगर परिषद।