विधायक गोपाल कांडा गुट के पार्षदों सहित कुल दस पार्षदों ने नगर परिषद सिरसा के चेयरपर्सन के चुनाव करवाने के लिए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। चुनाव करवाने की मांग को लेकर 30 में से केवल 10 पार्षद ने ही हस्ताक्षर किए हैं। हालांकि भाजपा और सेतिया गुट के पार्षदों ने चुनाव को लेकर हस्ताक्षर नहीं किए। इसका कारण है कि पिछले दिनों भाजपा और सेतिया गुट के समर्थकों द्वारा उपप्रधान रणधीर सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए गुपचुप मुहिम चलाई थी, लेकिन कांडा समर्थित पार्षदों ने उस पर हस्ताक्षर नहीं किए थे।
विधायक गोपाल कांडा गुट के पार्षद रोहताश वर्मा, नीतू सोनी, रेणु बाला बरोड, आशा रानी, रीना सेठी, महावीर सिंह, मनोज मकानी, ममता सैनी, राजेश गुज्जर और जश्न इन्सां ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर अध्यक्ष पद का चुनाव जल्द करवाए जाने की मांग की है। पार्षदों का कहना है कि 11 अगस्त 2020 को चेयरपर्सन का चुनाव होना था, लेकिन शहर के विकास में बाधा उत्पन्न करने की मंशा से कुछ षडयंत्रकारियों ने पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय से स्टे लेकर चुनाव पर रोक लगवा दी थी। उनका कहना है कि 29 अक्तूबर को अदालत ने स्टे खारिज कर दिया है। ऐसे में चेयरपर्सन के पद का चुनाव करवाने का रास्ता साफ हो चुका है। पार्षदों ने जल्द चुनाव करवाने की मांग की है।
भाजपा पार्षद बोले - हाईकमान के आदेश पर ही करेंगे हस्ताक्षर
11 अगस्त को सिरसा नप चेयरपर्सन के चुनाव पर कोर्ट के स्टे होने के कारण कई पार्षदों ने कार्यकारी प्रधान रणधीर सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मुहिम चलाई थी। इस इस मुहिम में भाजपा और सेतिया गुट के करीब 18 पार्षदों ने हस्ताक्षर कर दिए थे, लेकिन कार्यकारी प्रधान को हटाने के लिए कम से कम 21 का समर्थन हासिल होना चाहिए था। इस मुहिम को कांडा गुट के पार्षदों ने तवज्जो नहीं दी। बीते दिन जब कांडा गुट के पार्षदों ने नप चेयरपर्सन के चुनाव के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया। मगर भाजपा के पार्षदों ने इस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। भाजपा पार्षदों ने तर्क दिया कि वे तभी हस्ताक्षर करेंगे, जब पार्टी के जिला अध्यक्ष कहेंगे। इसलिए भाजपा के नौ पार्षदों ने इस पर हस्ताक्षर नहीं किए। वार्ड नंबर 12 के भाजपा पार्षद नारायण पाल सिंह का कहना है कि उनके पास हस्ताक्षर के लिए कुछ पार्षद आए थे, लेकिन पार्टी नियमानुसार बिना हाईकमान के आदेश बिना कोई किसी राजनीतिक गतिविधि में हस्ताक्षर नहीं करेगा। हम भी चुनाव के पक्ष में है। बाकी फैसला जिलाध्यक्ष ही लेंगे।
भाजपा और कांडा पार्षदों में कुर्सी को लेकर फंसेगा पेच
सिरसा चेयरपर्सन का पद महिला के लिए आरक्षित है। इस पद पर कांडा गुट पार्षद रीना सेठी को बैठाना चाहता है, जबकि भाजपा ने पिछली बार वार्ड नंबर पांच की पार्षद सुमन शर्मा का नाम प्रस्तावित किया था। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा चेयरपर्सन के चुनाव से स्टे हटाने के बाद अब कांडा और भाजपा दोनों ही अपनी पार्टी की पार्षद को चेयरपर्सन बनाना चाहेंगे, लेकिन इस मुहिम को झटका लग सकता है क्योंकि वार्ड नंबर 29 में पार्षद ज्ञान देवी के निधन के बाद पार्षद का पद खाली है। ऐसे में वार्ड पार्षद का उप चुनाव करवाने से पहले ही चेयरपर्सन के चुनाव करवाने को लेकर कोर्ट में याचिका दायर करने का विकल्प खुला है।
हम शहर का विकास चाहते हैं, प्रधान कोई भी बने : विधायक
सिरसा के विधायक गोपाल कांडा ने कहा कि नप सिरसा का कोई भी प्रधान बने, उन पर कोई फर्क नहीं पड़ता, वे केवल सिरसा शहर का विकास चाहते हैं। प्रधान न होने के कारण कमेटी के पास 90 करोड़ की राशि पड़ी हुई है। पार्षदों ओर से प्रधान पद का चुनाव जल्द करवाने की मांग को लेकर विधायक को ज्ञापन दिया था। वहीं हलोपा नेता विधायक गोपाल कांडा ने कहा है कि विकास को लेकर जनता से किया गया एक-एक वादा पूरा किया जाएगा, जिस पर अमल शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद सिरसा में प्रधान पद रिक्त होने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब अदालत की ओर से स्टे खारिज कर दिया गया है तो जल्द चुनाव होने चाहिए, ताकि विकास कार्य शुरू हो सके।
कोट
भाजपा चुनाव करवाने के पक्ष में पहले भी थी और अब भी करवाना चाहती है। कार्यकारी प्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मुहिम की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
-आदित्य देवीलाल, जिला प्रधान, भाजपा।