संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से बाल दिवस के उपलक्ष्य में बाल महोत्सव मनाया जा रहा है। सात दिवसीय बाल महोत्सव की शुरूआत सोमवार को हुई। पहले दिन सोलो डांस व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला परिषद के सीईओ सुभाष चंद्र ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ये प्रतियोगिताएं बच्चों के लिए कुछ नया सीखने का मौका देती है। बच्चों से अपील है कि वह इन प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़ कर भाग ले। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने सोलो डांस व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का अवलोकन भी किया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी पूनम नागपाल ने बताया कि बाल कल्याण परिषद की ओर से 22 अक्तूबर तक विभिन्न वर्गों में 44 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 5वीं कक्षा तक प्रथम समूह, छठी से आठवीं कक्षा तक द्वितीय समूह, नौवीं से दसवीं कक्षा तक तृतीय समूह और 11 वीं से 12 वीं कक्षा तक चतुर्थ समूह बनाए गए हैं। विभिन्न समूहों में सोलो डांस, पोस्टर मेकिंग, फैंसी ड्रेस, फन गेम्स, रंगोली, सोलो सोंग, ग्रुप डांस, स्केचिंग आन द स्पाट, बेस्ट ड्रामे बाज, कलश डेकोरेशन, क्लासिक सोलो डांस, हैंड राइटिंग हिंदी एवं इंग्लिश, कविता गायन, दीया कैंडल, कार्ड, मेकिंग व क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
बॉक्स
पंजीकरण जारी, पहले दिन 25 स्कूलों के बच्चों ने लिया भाग
पूनम नागपाल ने बताया कि बच्चों के रजिस्ट्रेशन को लेकर कार्य जारी है। प्रतियोगिताओं के लिए कुछ स्कूलों ने पहले ही रजिस्ट्रेशन बच्चों का करवाया लिया है। सुबह 9 बजे पंजीकरण शुरू हो जाता है। सोमवार को हुई प्रतियोगिताओं में 25 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया।