सिरसा। दिन के समय गर्मी और रात में तापमान में गिरावट का असर बच्चों व बुजुर्गों पर दिखने लगा है। ये वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन वायरल फीवर के कारण 120 लोग इलाज पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों की संख्या ज्यादा है। चिकित्सक बदलते मौसम में मरीजों को दवा के साथ परहेज भी रखने की सलाह दे रहे हैं।
आईएमडी बेवसाइट के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री है। ग्रामीण क्षेत्र में सुबह के समय तापमान 22 डिग्री के आस पास रहता है। इतना ही नहीं, ओस भी इन दिनों देखने को मिल रही है।
नागरिक अस्पताल की ओपीडी में आने वाले अधिकतर बच्चों में बुखार, गला दर्द, सिर दर्द, बदन दर्द, जुकाम के लक्षण मिल रहे है। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में बदलाव के चलते ठंडा पानी, बाहरी तली हुई चीजें, आईक्रीम आदि खाने से बच्चे बीमार हो रहे है। चिकित्सकों ने अनुसार उनके पास पहले 80 से कम ओपीडी रहती थी, लेकिन अब इसमें 40 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। दैनिक ओपीडी 120 तक पहुंच गई है। संक्रमण के कारण गला दर्द होता है। गले में दर्द के कारण मरीजों को बुखार आ रहा है। इससे परेशान कई मरीजों को अस्पताल में भर्ती तक होना पड़ रहा है।
मौसम में बदलाव के कारण वायरल बढ़ रहा है। कई लोग इसकी चपेट में आने से बीमार पड़ रहे हैं। वायरल के कारण बुखार और जुकाम, खांसी से पीड़ित हो रहे हैं। ऐसे मरीजों को दवा के साथ ठंडी चीजों का सेवन, और तला हुआ खाने से परहेज करना चाहिए। -डॉ. भरत भूषण, बाल रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल, सिरसा।