संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार रात को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए टीचिंग ब्लॉक नंबर 5 का विधिवत उद्घाटन किया। इस नवनिर्मित भवन को भारत की महान समाज सुधारक और लोक सेविका माता अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में समर्पित करते हुए उनके नाम पर रखा गया है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है और इस नए भवन से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं अनुसंधान कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह भवन छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन में विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त होगी और यह विश्वविद्यालय के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने माता अहिल्याबाई होल्कर की 18वीं शताब्दी में प्रशासन, न्याय व्यवस्था, सामाजिक उत्थान और धर्मार्थ कार्यों के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि वे महिलाओं के अधिकारों की समर्थक रही थीं और समाज में विधवाओं एवं वंचित वर्गों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर का 300वां जन्म शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है, और इस टीचिंग ब्लॉक का निर्माण उनके नाम पर किया गया है, ताकि शिक्षा और सेवा के मूल्यों को सर्वोच्च माना जा सके।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नरसी राम बिश्नोई ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। नए टीचिंग ब्लॉक का निर्माण विश्वविद्यालय की अधोसंरचना को मजबूती प्रदान करेगा। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण-अधिगम का वातावरण उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया की नवनिर्मित टीचिंग ब्लॉक नंबर 5 में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजेश बंसल, कार्यकारी अभियंता राकेश गोदारा, सुरेंद्र नुहिया, एसडीओ रजत सहित, प्राध्यापकगण, छात्र एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
नवनिर्मित भवन की विशेषताएं:
4 एचओडी कक्ष
20 कक्षाएं
22 प्रयोगशालाएं
17 प्राध्यापक कक्ष
1 सर्वर कक्ष
3 स्टोर रूम
2 गैर-शिक्षण कार्यालय
2 डार्क रूम
1 पुस्तकालय व 1 शोधार्थी कक्ष
1 सेमिनार हॉल व 1 समिति कक्ष
2 पैंट्री
भवन में लगाई जाएगी विशेष रूप लिफ्ट
टीचिंग ब्लॉक-5 में विशेष रूप से लिफ्ट लगाई जाएगी। भवन में एक विद्युत कक्ष का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुविधा के लिए दो लिफ्ट भी स्थापित की गई हैं। दिव्यांग व महिला कर्मचारियों को भी विशेष ध्यान रखा गया है।