ग्रामीणों ने चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और सम्मान की बरामद करने की लगाई गुहार
फोटो - 30
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। गांव ओटू के संकट मोचन हनुमान मंदिर में शनिवार देर रात चोरी हुई। चोर मंदिर से चांदी के चार छत्र और दानपात्र से हजारों रुपये की नकदी ले गए। घटना का पता रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे चला। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
मंदिर पुजारी हीरालाल ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब एक बजे तक श्रद्धालु मंदिर में थे। चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया। वे करीब 30 से 40 तोले वजन के चांदी के चार छत्र चुरा ले गए।
दानपात्र में रखी करीब 10 से 12 हजार रुपये की नकदी भी चोरी हुई। सुबह भक्तों के पहुंचने पर चोरी का पता चला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर रोष जताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की। रानियां थाना प्रभारी राम कुमार ने बताया कि शिकायत दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन और फिर चोरी
पिछले एक सप्ताह में क्षेत्र में लाखों रुपये की नकदी और सामान की चोरी हुई थी। इन घटनाओं और चोरों के न पकड़े जाने पर शहरवासियों ने शनिवार को दुकानें बंद कर विरोध किया। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। ऐलनाबाद से डीएसपी सुभाष चंद्र ने चोरों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, इस आश्वासन के करीब 12 घंटे बाद ही मंदिर में चोरी हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों की चिंता
क्षेत्र में रोजाना हो रहीं चोरी की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरी के मामले में जल्द कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ने की मांग की है। रानियां थाना प्रभारी राम कुमार ने बताया कि पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज जुटा रही हैं। चोरों की तलाश जारी है और पता चलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।