सिरसा। कमोडिटी ट्रेडिंग में निवेश कर कम समय में कई गुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 35 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को ट्रेडिंग विशेषज्ञ और निवेश सलाहकार बताकर पीड़ित को विश्वास में लिया।
बाद में व्हाट्सएप पर 35 लाख रुपये की रकम बढ़कर करीब 1.15 करोड़ रुपये होने का कथित ट्रेडिंग स्टेटमेंट भेजा। पुलिस ने आरोपी अक्षय, सुरेश कुमार, गौरव सेठी व संजय कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी नवीन गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एडीशनल मंडी, सिरसा निवासी अक्षय अरोड़ा ने उसे बताया कि आने वाले समय में सोना, चांदी और अन्य कमोडिटी के भाव तेजी से बढ़ेंगे। अक्षय ने खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग का लाइसेंसधारक, अनुभवी ट्रेडर और कमोडिटी मार्केट का विशेषज्ञ बताया। उसने एमसीएक्स, एनसीडीईएक्स और अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी ट्रेडिंग से जुड़ा होने का भी दावा किया।
शिकायत के अनुसार अक्षय ने नवीन का परिचय गांव डिंग निवासी सुरेश कुमार, हरिविष्णु कॉलोनी सिरसा निवासी गौरव सेठी और सिरसा निवासी संजय कुमार से कराया। आरोप है कि चारों ने खुद को निवेश और ट्रेडिंग का जानकार बताया। उन्होंने कमीशन के आधार पर सोना-चांदी और कमोडिटी मार्केट में रकम लगाकर भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपियों की बातों पर विश्वास करके नवीन ने अपनी फर्म के कैनरा बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों में कुल 35 लाख रुपये निकाले। उसने अपने मुनीम धीरज कुमार के साथ अक्षय को उसकी दुकान पर नकद रकम सौंप दी। इसके बाद अक्षय मोबाइल के माध्यम से निवेश और लाभ की जानकारी देता रहा।
दुबई से रकम आने का दिया हवाला
शिकायत के मुताबिक 9 नवंबर 2025 को अक्षय ने व्हाट्सएप पर ट्रेडिंग स्टेटमेंट भेजा जिसमें 35 लाख रुपये बढ़कर करीब 1.15 करोड़ रुपये दर्शाए गए। रकम वापस मांगने पर कभी बाजार में तेजी, कभी अतिरिक्त निवेश और कभी दुबई से पैसा आने का हवाला देकर टालमटोल की गई। बाद में आरोपियों ने रकम लौटाने से मना कर दिया और धमकी दी। जांच अधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ डिंग थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है।