सिरसा। रोड़ी बाजार का निरीक्षण करते हुए चेयरमैन वीर शांति स्वरूप । स्वयं
रोड़ी। रोड़ी बाजार में बरसाती लाइन बिछाने के बाद सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। नगर परिषद की ओर से करवाए गए मरम्मत कार्य में खामियों को लेकर दुकानदारों की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के बाद बुधवार को चेयरमैन शांति स्वरूप भट्टी ने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ हिस्से पाए गए। चेयरमैन ने संबंधित ठेकेदार को इन खामियों को दूर करने और सड़क को समतल करवाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में चेयरमैन के साथ मुख्य सफाई निरीक्षक जयबीर सिंह, सफाई निरीक्षक पवन कंबोज व कनिष्ठ अभियंता दीपक कायात मौजूद रहे। चेयरमैन ने बाजार में पैदल घूमकर मरम्मत कार्य की स्थिति और सड़क पर लगाई गई टाइलों की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।
चेयरमैन ने कहा कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मरम्मत कार्य की खामियां : बरसाती लाइन बिछाने के लिए सड़क की खोदाई की गई थी। इसके बाद क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए नगर परिषद की ओर से पैच कार्य करवाया गया था। हालांकि, पैच कार्य होने के बावजूद कई स्थानों पर सड़क समतल नहीं हो पाई थी। इस कारण दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। संवाद