सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय अब स्कूली विद्यार्थियों का भी कॅरिअर को लेकर मार्गदर्शन करेगा। इसे लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्कूली विद्यार्थियों को कैंपस का दौरा करवाया जाएगा और विशेषताएं बताई जाएंगी। इस दौरान विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार कॅरिअर में आगे जाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। जल्द ही सीडीएलयू स्कूली बच्चों को कैंपस में आने के लिए आमंत्रित करेगा।
स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी कॅरिअर को लेकर कई बार स्पष्ट नहीं हो पाते। ऐसे में भ्रमित रहते हैं कि किस फील्ड की पढ़ाई करनी चाहिए या स्कूल के बाद किस उच्च शिक्षण संस्थान में जाकर दाखिला लेना चाहिए। स्कूली विद्यार्थी उच्च शिक्षा संस्थान नहीं देख पाते इसलिए उनकी मन में कई तरह के उलझे हुए सवाल रहते हैं। लेकिन अब विद्यार्थियों की इस समस्या को समझते हुए सीडीएलयू ने नई योजना तैयार की है। सीडीएलयू के अधिकारियों ने योजना बनाई कि अब स्कूली विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। उन्हें बताया जाएगा कि जिस विषय में रुचि है तो कहां दाखिला लेना चाहिए। इतना ही नहीं कैंपस का भ्रमण भी करवाया जाएगा और उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों से भी अवगत करवाया जाएगा। इतना ही नहीं सक्सेस स्टोरी भी सुनाई जाएंगी।
सीडीएलयू में चल रहे स्नातक स्तरीय कोर्स
सीडीएलयू कैंपस में स्नातक स्तरीय कोर्स शुरू किए गए हैं। इन कोर्स में विद्यार्थी 12वीं के बाद सीधा दाखिला ले सकते हैं। ऐसे में प्रयास है कि 10वी, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रति सप्ताह स्कूलों से ले जाकर सीडीएलयू कैंपस का दौरा करवाया जाए। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों का दौरा करवाया जाएगा। विभागों की लेबोरेट्री, लाइब्रेरी और अन्य संसाधन दिखाए जाएंगे। ऐसे में विद्यार्थी स्कूली शिक्षा पूरी होने से पहले ही तय कर पाएंगे कि उन्हें किस कोर्स में और किस विभाग में दाखिला लेना है।
योजना तैयार है, जल्द होगी लागू : प्रो. एसके गहलावत
स्कूली विद्यार्थी अक्सर कॅरिअर को लेकर तय नहीं कर पाते कि 12वीं के बाद किस ओर जाएं। इसलिए हमने फैसला किया है कि कॅरिअर मार्गदर्शन किया जाए। विद्यार्थियों को बताया जाएगा कि उनकी रुचि क्या है और इसके अनुसार उन्हें किस फील्ड में जाकर पढ़ाई करनी चाहिए। इसलिए स्कूली विद्यार्थियों का आमंत्रित किया जाएगा और कैंपस भ्रमण के साथ-साथ मार्गदर्शन भी करवया जाएगा।
---प्रो. एसके गहलावत, डीन ऑफ एकेडमिक, सीडीएलयू, सिरसा।