संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी पुराने विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम जारी नहीं कर पा रही है। ऐसे में गोपनीय परिणाम लेने वाले विद्यार्थियों की कतारें लगी हैं। इन विद्यार्थियों के सामने एक संकट है कि गोपनीय परिणाम को ऑनलाइन आवेदन करते समय कैसे प्रस्तुत करें। क्योंकि इस लिफाफे को खोलने का अधिकार विद्यार्थी के पास नहीं होता। वहीं दूसरी ओर विश्वविद्यालय ने पीजी में दाखिला के लिए आवेदन की तारीख भी बढ़ा दी है। अब 14 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। काउंसिलिंग और मेरिट लिस्ट का का शेड्यूल मंगलवार को जारी किया जाएगा।
करीब एक हफ्ते पहले विद्यार्थियों ने परीक्षा परिणाम की मांग को लेेकर विरोध-प्रदर्शन किया था। उस समय अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही परिणाम जारी कर दिया जाएगा। लेकिन अभी तक भी ये वादा पूरा नहीं हो पाया। ऐसे में विद्यार्थियों की समस्या गंभीर होती जा रही है क्योंकि अन्य विश्वविद्यालयों में आवेदन की तारीख निकलती जा रही है।
बता दें कि स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके विद्यार्थियों को आगे स्नातकोत्तर में दाखिला लेना है। परीक्षा परिणाम जारी न होने के वजह से विद्यार्थी गोपनीय परिणाम ले रहे हैं। सीडीएलयू ने पिछली 30 तारीख को गोपनीय परिणाम का शुल्क लेना बंद कर दिया था। उसके बाद से ही हर रोज सैकड़ों विद्यार्थी गोपनीय परिणाम लेने के लिए सीडीएलयू परिसर में पहुंच रहे हैं। परिणाम शाखा में गोपनीय परिणाम लेने आए विद्यार्थी शेखर, गुरप्रीत, समीर, राहुल, मुस्कान सरोज बताते हैं कि गोपनीय परिणाम लेने के लिए अगर आज आवेदन दिया है तो कर्मचारी अगले दिन परिणाम लेने के लिए बोलते हुए कहते हैं कि अभी तक पिछले दिन के परिणाम पड़े हैं। आपके नंबर के अनुसार आपको परिणाम अगले दिन मिलेगा। वहीं जिन विद्यार्थियों को गोपनीय परिणाम मिल चुका है उनमें पवन, मोनिका, ममता, प्रदीप आदि बताते हैं कि हमें गोपनीय परिणाम तो मिल चुका है, परंतु यह जिस विश्वविद्यालय में दाखिला लेना है वहां के कुलसचिव के नाम एक बंद लिफाफा मिला है। ऐसे में समस्या ये है कि वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया जाना है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि परिणाम की प्रति ऑनलाइन फार्म भरते समय अपलोड कैसे करें। विद्यार्थियों ने कहा कि हमारे पास न तो परिणाम की प्रति है, न ही अंक तालिका की प्रति है।
आवेदन की तारीख बढ़ा दी है : प्रो. गहलावत
पीजी कोर्स में आवेदन की तारीख 14 सितंबर तक बढ़ा दी है। मंगलवार को शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं।
-प्रो. एसके गहलावत, डीन ऑफ एकेडमिक, सीडीएलयू, सिरसा।