सिरसा। चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी में पासआउट विद्यार्थियों को नियमित दाखिला न दिए जाने के फैसले के खिलाफ दिनभर धरना प्रदर्शन चला। गुस्साए विद्यार्थियों ने जहां एक ओर सुबह से लेकर शाम तक वीसी ऑफिस में जाकर घेराव कर दिया। सीडीएलयू प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आयु सीमा को 28 से बढ़ाकर 30 कर दिया जाएगा। लेकिन विद्यार्थी नियम रद्द करने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद देर शाम वीसी आवास को घेर लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आवास को गेट भी तोड़ दिया। इसके अलावा विद्यार्थी परीक्षा में एनी फाइव की मांग को लेकर भी रोष जताते रहे। इस दौरान सिविल लाइन थाना पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
सोमवार सुबह 10 बजे इनसो छात्र संगठन के संजय बिश्नोई की अध्यक्षता में विद्यार्थी मांग पत्र सौंपने के लिए कुलपति कार्यालय में पहुंचे। यहां पर कुलपति के न होने पर विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय में ही धरना दे दिया और कुलपति की कुर्सी का घेराव कर बैठ गए। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे कुलपति प्रो. अजमेर सिंह मलिक ने विद्यार्थियों से बातचीत की और जल्द ही समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन देकर उन्हें बाहर भेज दिया। इस दौरान संयुक्त मोर्चा संगठन के विद्यार्थी प्रवीण अत्री की अध्यक्षता में मांग पत्र सौंपने के लिए पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कुलपति से बातचीत की लेकिन कुलपति ने 28 वर्ष आयु की जगह 30 किए जाने का संशोधन करने की बात कही और एनी फाइव न दिए जाने की बात कह विद्यार्थियों को वापस भेज दिया। ऐसे में बाहर आकर विद्यार्थियों ने हंगामा खड़ा कर दिया और आंदोलन करने की रणनीति बनाई। दूसरी तरफ सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक इनसो के विद्यार्थी वीसी कार्यालय में धरना देकर बैठे रहे। शाम तक विद्यार्थियों की कोई सुनवाई नहीं हुई तो रोष में आए विद्यार्थियों ने कुलपति के आवास की तरफ पड़ाव डाल दिया। विद्यार्थियों ने नारेबाजी करते हुए कुलपति के आवास का घेराव कर दिया । इस दौरान पुलिस जवान और सीडीएलयू के सुरक्षा कर्मी विद्यार्थियों को समझाते रहे। लेकिन विद्यार्थियों ने उनकी एक नहीं मानी। समाचार लिखे जाने तक विद्यार्थियों का प्रदर्शन जारी रहा।
विद्यार्थी बोले : जब तक मांगे नहीं होती पूरी जारी रहेगा विरोध प्रदर्शन
इनसो के नेता संजय बिश्नोई ने कहा कि जब तक उनकी दोनों मांगों को पूरा नहीं किया जाता उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं उन्होंने कहा कि सीडीएलयू के कुलपति लंबे समय से मनमानी कर रहे हैं। इसके कारण विद्यार्थियों का भविष्य भी खराब हो रहा है। कुलपति की ओर से एडमिशन लेने के लिए केवल दो वर्ष की आयु को ही बढ़ाया गया है। जबकि इस फैसले को सीडीएलयू की ओर से वापस लेना चाहिए।
आज से शुरू होंगी नियमित परीक्षा, कुछ विद्यार्थी ही कर रहे विरोध : वीसी
देखिए, कुछेक विद्यार्थी ही विरोध कर रहे हैं। जबकि मंगलवार से नियमित रूप से परीक्षाएं शुरू होंगे। इन विद्यार्थियों से बातचीत की गई है और समझाने का प्रयास किया जा रहा है। -प्रो. अजमेर सिंह, वीसी, सीडीएलयू।
छात्रों द्वारा तोड़ा गया वीसी निवास का मुख्य गेट व सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मचारी। संवाद- फोटो : Sirsa
वीसी निवास के मुख्य गेट पर छात्रों द्वारा दिया गया धरना। संवाद- फोटो : Sirsa