सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के प्रोफेसर राजकुमार सलार को स्कॉलर जीपीएस की ओर से जारी रैंकिंग में विश्व के शीर्ष शोधकर्ताओं में स्थान प्राप्त हुआ है। प्रो. सालार ने वैश्विक स्तर पर शीर्ष 2.74 प्रतिशत विद्वानों में स्थान प्राप्त किया है। उन्हें कृषि और प्राकृतिक संसाधन क्षेत्र में 2.86 प्रतिशत और कृषि जैव प्रौद्योगिकी के विशेष क्षेत्र में 0.7 प्रतिशत की उत्कृष्ट रैंकिंग प्राप्त हुई है।
स्कॉलर जीपीएस विश्वभर के 1,20,000 से अधिक संस्थानों से जुड़े तीन करोड़ से अधिक विद्वानों का मूल्यांकन करता है। यह रैंकिंग विद्वानों की अनुसंधान उत्पादकता, प्रभाव और प्रकाशनों की गुणवत्ता के आधार पर की जाती है। प्रो. सालार ने जापान, नॉर्वे, स्लोवाकिया और ऑस्ट्रिया सहित कई देशों की शैक्षणिक यात्राएं की हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है।
सीडीएलयू के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने प्रो. सालार को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा, यह केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि सीडीएलयू की बढ़ती अकादमिक शक्ति और अनुसंधान क्षमताओं का प्रमाण है। अपने शैक्षणिक कॅरिअर में प्रो. सालार ने 11 पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है, छह पुस्तकें लिखी हैं और 100 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं।