सीडीएलयू में इस वर्ष के 180 दिन पढ़ाई के पूरे होने पर ही परीक्षाएं होंगी। इसके लिए फिलहाल 19 अप्रैल तक कक्षाएं लगेंगी। कोई बड़े कारण से कक्षाएं बाधित होती हैं तो परीक्षाएं आगे हो सकती हैं। अब सभी कोर्सों की कक्षाएं नियमित रूप से लग रही हैं। परीक्षाएं समाप्त होने के बाद और मौसम साफ होने के बाद विश्वविद्यालय में फिर से चहल-पहल नजर आने लगी है।
सीडीएलयू में दिसंबर माह में परीक्षाएं शुरू हो गई थी। उसके बाद शीतकालीन छुट्टियां शुरू हो गई थी। जैसे ही शीतकालीन छुट्टियां समाप्त हुईं तो कड़ाके की ठंड शुरू हो गई थी। इसी कारण करीब दो माह तक कक्षाएं लगने में कठिनाई होती रही। अब विश्वविद्यालय में नियमित रूप से कक्षाएं आरंभ हो गई हैं।
मौसम साफ होने के कारण फिर से रौनक लौट आई है। डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर प्रो. विक्रम सिंह ने बताया कि फिलहाल पढ़ाई का शेड्यूल 19 अप्रैल तक है। लगातार कक्षाएं लगेंगी। वर्ष में 180 दिन कक्षाएं लगनी जरूरी हैं। पूर्व के सेमेस्टर में 90 दिन पूरे हो गए थे।
इस सेमेस्टर में भी इतने ही दिनों तक कक्षाएं लगेंगी। उन्होंने बताया कि किसी बड़े कारण के चलते पढ़ाई बाधित होती है तो परीक्षाएं कुछ आगे भी हो सकती हैं।
फिलहाल डेटशीट जारी नहीं की गई है पर सब ठीक ठाक रहा तो 20 अप्रैल से परीक्षाएं आरंभ हो सकती हैं। इसके बाद 5 मई से समर वेकेशन शुरू हो जाएंगी। इसी प्रकार सीडीएलयू के तहत विभिन्न कॉलेजों में भी नियमित रूप से पढ़ाई शुरू हो गई हैं।