सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के अखिल भारतीय विश्वविद्यालय लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सीडीएलयू में सम्मान समारोह हुआ। इस दौरान छात्रों की उत्कृष्ट उपलब्धियों का जश्न मनाया गया।
विद्यार्थी जीवन मानव जीवन का स्वर्णिम काल होता है। विद्यार्थियों को अपने समय का सदुपयोग करना चाहिए। ये विचार चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नरसीराम बिश्नोई ने विश्वविद्यालय के सभागार में युवा कल्याण निदेशालय द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए व्यक्त किए।
विश्वविद्यालय की टीम ने युवा महोत्सव ट्रॉफी जीतने से लेकर ‘स्पंदन महोत्सव’ में सफलता हासिल करने तक का सफर तय किया है। इससे पूर्व विजेता विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत की एक सांस्कृतिक झांकी भी निकाली गई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की युवा कल्याण निदेशक डॉ. मंजू नेहरा का स्वागत किया गया। कल्चरल कोऑर्डिनेटर डॉ. राकेश ने मेहमानों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजेश कुमार बंसल, डीन अकादमिक अफेयर्स प्रोफेसर सुरेश गहलावत, टेक्निकल एडवाइजर कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी, परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर राजकुमार सालार, डीन छात्र कल्याण प्रोफेसर राजकुमार, डीन फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसेज, निदेशक, विभागाध्यक्ष, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं छात्रगण उपस्थित रहे।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में ये उपलब्धियां हासिल कीं
सीडीएलयू के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। भांगड़ा (फोक ट्रॉयल डांस) में विश्वविद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फोक ऑर्केस्ट्रा, कार्टूनिंग, क्लासिकल म्यूजिक (पर्कशन) और माइम में छात्रों ने द्वितीय स्थान अर्जित किया। वेस्टर्न ग्रुप सांग, मेहंदी और पोस्टर मेकिंग में तृतीय स्थान प्राप्त किया।