डबवाली। शहर में अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे एक बार फिर बंद हो गए हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से शहर के लगभग सभी कैमरे ठप पड़े हैं। इससे पुलिस प्रशासन को निगरानी व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी हो रही है।
शहर में सीसीटीवी कैमरे वर्षों के इंतजार के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप से दोबारा शुरू हुए थे। इन कैमरों के चालू होने से पुलिस को अपराध नियंत्रण और जांच में काफी मदद मिली थी। अब तकनीकी खामियों और रखरखाव की कमी के चलते व्यवस्था फिर प्रभावित हो गई है।
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार, पहले कभी-कभार कुछ कैमरे तकनीकी खराबी के कारण बंद होते थे जिन्हें समय रहते ठीक कर दिया जाता था। इस बार शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरे पिछले करीब सात दिनों से बंद हैं। नगर परिषद के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
नगर परिषद ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इनमें से कई कैमरे पहले खराब और बंद मिले थे। मार्च 2026 में करीब 90 कैमरों को दोबारा चालू किया गया था। इन कैमरों की मदद से पुलिस ने बाइक चोरी सहित कई मामलों की जांच में सफलता हासिल की थी। अपराधियों तक पहुंचने में भी सहायता मिली थी। अब कैमरों के बंद होने से शहर के मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो गई है। नगर परिषद ने कैमरों के रखरखाव के लिए ठेका भी दिया है।