संवाद न्यूज एजेंसी
चोपटा। चोपटा थाना पुलिस ने रविवार रात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर एक कंटेनर को काबू कर उसमें से 28 पशुओं को मुक्त करवाया है। पुलिस ने कंटेनर चालक व उसके साथी को भी काबू किया। इनकी पहचान महेंद्र निवासी बरसीन जिला फतेहाबाद व मोबिन निवासी जिला शामली के रूप में हुई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर नोहर से फतेहाबाद होकर दिल्ली जाएगा, जिसमें पशुओं को भरा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चोपटा चौक पर नाका लगाया। इसी दौरान नोहर की ओर से आए एक कंटेनर को शक के आधार पर रोककर तलाशी ली तो उसमें दो कटड़े, 11 कटड़ी व 15 भैंसे भरी हुई थीं। पुलिस ने चालक व उसके साथी से पशुओं बारे पूछताछ की तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।