रोड़ी/बडागुढ़ा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत रोड़ी, सुखचैन व खतरावां में राशन वितरण में बाधा उत्पन्न करने वाले किसानों के खिलाफ रोड़ी व बडागुढ़ा पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए हैं। बता दें कि बीते दिन भी रोड़ी पुलिस ने थिराज डिपो पर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की फोटो लगी राशन की थैलियों को जलाने के आरोप मेें खाद्य आपूर्ति अधिकारी की शिकायत पर किसान निर्मल सिंह व कुछ अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस को दी शिकायत में कालांवाली के खाद्य आपूर्ति अधिकारी चंद्रमोहन ने बताया कि बीते दिन रोड़ी में 15-20 लोगों ने अन्नपूर्णा उत्सव कार्यक्रम में बाधा पहुंचाई। उन्होंने शिकायत के बताया कि उक्त लोग डिपो से थैलियां उठा ले गए और उन्हें नष्ट कर दिया। इसके अलावा थैलियों पर लगी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री की फोटो पर कालिख भी पोत दी। रोड़ी थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि शिकायत केे आधार पर पुलिस ने परविंद्र सिंह व 15-20 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने बडागुढ़ा थाने में दी शिकायत में बताया कि गांव सुखचैन व खतरावां में कुछ लोगों ने राशन वितरण में बाधा उत्पन्न कर राशन की खाली थैलियों को नष्ट कर दिया। बडागुढ़ा थाना प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि खतरावां व बडागुढ़ा में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सरकार किसानों की आवाज को मुकदमों व लाठियों से दबाना चाहती है। जब तक ये कृषि कानून वापिस नहीं लिए जाते तब तक किसान अपना रोष इसी तरह से जारी रखेंगे। गरीब लोगों को जो गेहूं दी जा रही है वो 96 रुपये की है तो वहीं प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री की फोटो लगी थैली 160 रुपये की है। अगर इस थैली की बजाए 160 रुपये का और राशन दिया जाता तो लोगों को फायदा होता। राशन वितरण के नाम पर सरकार अपनी पार्टी का प्रचार कर रही है।
-प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा, प्रदेशाध्यक्ष हरियाणा किसान मंच