पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। एफ-ब्लॉक के एक व्यक्ति ने आर्किटेक्ट एवं इंटीरियर डिजाइनर राज सिंह पर 33 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। शहर थाना पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में एफ-ब्लॉक निवासी मुनीश कुमार ने बताया है कि अप्रैल 2025 में उसने अपने आवासीय मकान के आर्किटेक्चरल और इंटीरियर कार्य के लिए राज सिंह निवासी हिसार रोड सिरसा को नियुक्त किया था। आरोपी ने काम 31 अगस्त 2025 तक और 3 डी पीपीटी के अनुसार काम करने का वादा किया। उसपर भरोसा कर उसने ने सितंबर 2025 तक कुल 33 लाख रुपये आरोपी को सौंपे। आरोपी ने डिजिटल मैसेज में राशि प्राप्ति की पुष्टि भी की। राशि मिलने के बावजूद 2 दिसंबर 2025 तक कार्य मात्र 40 प्रतिशत ही पूरा हुआ। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने पैसे का गबन किया। जांच अधिकारी रमित कुमार का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई। जो सच्चाई सामने आएगी उसके अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।