डबवाली (सिरसा)। कृषि विभाग और बीमा अधिकारियों से मिलीभगत कर गांव पाना में 14 से ज्यादा किसानों ने कपास फसल का मुआवजा व बीमा कंपनी से धान फसल का 37.89 लाख रुपये का क्लेम ले लिया। इसमें कपास फसल को धान की 64 हेक्टेयर ज्यादा फसल दर्शा दिया गया। इस मामले में मंगलवार को सदर पुलिस ने मुख्यमंत्री फ्लाइंग दस्ते के उपनिरीक्षक राजेश कुमार की शिकायत पर कृषि विकास अधिकारी, पटवारी और 14 किसानों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप है कि कृषि विकास अधिकारी विशाल भादू द्वारा प्रस्तुत क्रॉप कटिंग रिपोर्ट व गांव पाना की गिरदावरी रिपोर्ट के अनुसार खरीफ फसल 2021 में गांव में सिर्फ 40 हेक्टेयर भूमि में ही धान की फसल बोई गई थी, जबकि किसानों द्वारा सीएससी सेंटर से 104.71 हेक्टेयर भूमि में धान की फसल का बीमा करवा कर 37,89,414 रुपये का क्लेम प्राप्त कर लिया गया। पटवारी की खराबा रिपोर्ट के मुताबिक खरीफ 2021 के अनुसार गांव पाना में नरमा की 550 हेक्टेयर भूमि में नरमा की बुआई की हुई थी, जिसमें 34 से 50 प्रतिशत तक नुकसान पाया गया। सरकार से 550 हेक्टेयर भूमि में किसानों को 96,25,000/- रुपये सरकार द्वारा वितरित किए गए।
सदर पुलिस ने कृषि विभाग के कृषि विकास अधिकारी विशाल भादू, कृषि विभाग के सुपरवाइजर नवदीप सिंह, पटवारी भूपेंद्र सिंह के अलावा गुरप्रीत सिंह, जसप्रीत सिंह, गुरमेल सिंह, गुरदीप सिंह, गुरभगत सिंह, जसवंत सिंह, श्याम सिंह, बलविन्द्र सिंह, बलजीत सिंह, जगदीप सिंह, हरदीप सिंह, गुरजंट सिंह, छिन्द्र सिंह व गुरदित्ता सिंह वासी गांव पाना के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।