सिरसा। संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के दौरान हिरासत में लिए गए एक परीक्षार्थी के खिलाफ सदर थाना पुलिस ने अभियोग दर्ज किया है। आरोपी परीक्षार्थी के पास दो आधार कार्ड मिले थे। आरोपी ने सीईटी के लिए अलग-अलग नाम से आवेदन किया था। एक ओबीसी और दूसरा सामान्य कोर्ट से। आरोपी ओबीसी कोटे के तहत पेपर देने आया तो केंद्र अधिकारियों की जांच में उसकी चालाकी पकड़ी गई।
थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि 27 जुलाई को सीईटी दी थी। इसी दौरान सदर पुलिस की टीम को सूचना मिली कि परीक्षा केंद्र विज्डम स्कूल खैरेका में एक परीक्षार्थी संदिग्ध लग रहा है। इसके बाद पुलिस उक्त परीक्षा केंद्र में पहुंची। पूछताछ में परीक्षार्थी भूना जिला फतेहाबाद निवासी नरेश बताया कि वह अविवाहित है और आर्मी व अन्य परीक्षाओं की तैयारी करता है। उसने सीईटी देने के लिए दो बार फाॅर्म भरे थे।
जांच के दौरान उसके पास दो प्रवेश पत्र मिले। एक नरेश पुत्र जगदीश चंद्र, जिसका रोल नंबर 5331063079 है। इसमें नरेश की परीक्षा सुबह की शिफ्ट में विज्डम स्कूल खैरेकां में था। दूसरा नाम नरेश सिंह पुत्र जगदीश चंद्र, जिसका रोल नंबर 5431037147 की परीक्षा दोपहर के बाद की शिफ्ट में नेशनल कॉलेज इंस्टीट्यूट ब्लॉक बी में थी।
सुबह द विज्डम स्कूल में पेपर था
पहला फाॅर्म ओबीसी कोटे से भरा है, जिसकी आईडी उसके पास है, जिसमें जन्म तारीख 30 अगस्त 1995 है। उसका सुबह की शिफ्ट में द विज्डम स्कूल में पेपर था। दूसरा फाॅर्म उसने सामान्य कोटे का भरा। इसमें नाम बदलकर नरेश के बजाय नरेश सिंह और जन्म रिकॉर्ड 30 अगस्त 2001 करके फर्जी दस्तावेज से भरा था। यह परीक्षा शाम की शिफ्ट में नेशनल कॉलेज एजुकेशन ब्लॉक बी नजदीक दुर्गा मंदिर सिरसा में होना थी।