सिरसा। हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने राजस्थान से सिरसा अफीम लेकर आए रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ ऐलनाबाद पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।
सिरसा यूनिट के सब इंस्पेक्टर तरसेम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ऐलनाबाद के हनुमानगढ़ रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्तचर से सूचना मिली कि राजस्थान से एक व्यक्ति सिरसा में अफीम लेकर आ रहा है। इसके बाद एचएनसीबी ने नाकाबंदी करके वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान गांव काशी का बास की ओर से एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया तो चालक वापस मुड़कर जाने लगा। पुलिस ने पीछा करके कार को रुकवाया। टीम ने चालक से पूछताछ की तो उसकी पहचान रवि पुत्र कैलाश कुमार निवासी गांव नाईवाला जिला सिरसा केे रूप मेें हुई। टीम ने कार की तलाशी ली तो 700 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में रवि ने बताया कि वह यह अफीम शिकारगढ़ जिला जोधपुर राजस्थान निवासी अभिषेक चौधरी से खरीदकर लाया है। इसके बाद एचएनसीबी ने रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रवि कुमार व अभिषेक चौधरी के खिलाफ ऐलनाबाद पुलिस थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।