कालांवाली। पंजाब के बरनाला-बठिंडा नेशनल हाईवे पर मंगलवार को घुन्नस ड्रेन के पास खराब मौसम के चलते एक कार ट्रक के पीछे जा घुसी। दुर्घटना में कालांवाली के फर्नीचर व्यापारी फकीरिया की गर्भवती बेटी विशाली और उसकी दो साल की बेटी मायरा की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विशाली के पति मंगलेश गर्ग का इलाज लुधियाना के एक अस्पताल में चल रहा है।
कालांवाली की बेटी विशाली की लगभग 8 साल पहले पंजाब के तपा के मॉडल टाउन निवासी मंगलेश गर्ग के साथ शादी हुई थी। मंगलवार को तपा के मॉडल टाउन के मंगलेश गर्ग अपनी पत्नी विशाली और बेटी मायरा के साथ बरनाला से तपा लौट रहे थे, तभी ये हादसा हो गया। हादसा इतना भयानक था कि कार सवार तीनों लोग बुरी तरह से गाड़ी के अंदर ही फंस गए। इसके बाद राहगीरों ने तुरंत सड़क सुरक्षा फोर्स को सूचना दी। पुलिस ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर सभी को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल बरनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो वर्षीय मायरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मंगलेश और उनकी पत्नी विशाली की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लुधियाना रेफर कर दिया गया। लुधियाना में इलाज के दौरान विशाली ने भी दम तोड़ दिया। बेटी और दोहती की मौत से कालांवाली में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।