थाना रानियां के गांव मेहनाखेड़ा से खारियां रोड़ पर कार और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को जिले के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। रानियां थाना प्रभारी साधुराम ने बताया कि मृतक के परिजन मुंशीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोनों व्यक्ति अनाज मंडियों में गेहूं की बोरियों की सिलाई का काम करते थे। जिसके लिए वे बाइक पर सवार होकर ढुढ़ियांवाली से खारियां की ओर जा रहे थे। मेहनाखेड़ा के पास तेज रफ्तार से आ रही कार कार के साथ टक्कर होने से भजनलाल (29) निवासी पतिराठावास की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे साथी हरिराम (47) निवासी ढुढियांवाली घायल हो गया। जिसे तत्काल सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजन मुंशीराम की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।