तहसील रानियां के अंतर्गत आने वाले गांव नाईवाला में 30 साल पुराने मामले में ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार रानियां ने 14 एकड़ भूमि से कब्जा हटवाकर मालिक के हक में दिलवा दिया है। इस मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार जितेंद्र कुमार थाना प्रभारी साधुराम, कानूनगो निर्मल सिंह, पटवारी शाहिद हुसैन सहित अधिकारी मौजूद रहे। ड्यूटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार ने बताया कि नाईवाला में 14 एकड़ जमीन का हक गुरतेज सिंह निवासी सिरसा को दिलवाया है। उन्होंने बताया कि बीती 6 अक्टूबर 1989 को 115 कनाल 9 मरले भूमि का सौदा तय हुआ, जिसके उपरांत 15 जून 1990 को रजिस्टरी करवानी तय हुई। लेकिन इस सौदे में निर्धारित तिथि तक रजिस्टरी न करवाए जाने के कारण यह मामला न्यायालय में दायर करवा दिया गया। इस दौरान जमीन के मालिक ने अपनी भूमि का सौदा किसी अन्य के साथ करते हुए तबादला डिग्री दर्ज करवा दी। जिसमें गुरनाम के पक्ष में 2/3 हिस्सा व हरमेश सिंह के नाम 1/3 हिस्सा दर्ज है। खरीदार गुरभेज सिंह को समय पर रजिस्टरी न करवाए जाने के चलते मामला न्यायालय में दायर करवा दिया गया। जिसके उपरांत न्यायालय ने खरीददार के पक्ष में फैसला सुनाते हुए 115 कनाल 9 मरले भूमि का कब्जा दिलाने के निर्देश जारी कर दिए। जिस पर कार्रवाई की गयी।