सिरसा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) ने महिलाओं की गरिमा का सम्मान करें नाम से छेड़छाड़ और बदमाशी के खिलाफ अभियान चलाया। इसके तहत राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसके तहत विद्यालय में नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। डीएलएसए की प्रतिनिधि दविंदर कौर ने विषय से संबंधित प्रेरणादायक वक्तव्य दिया। उन्होंने छात्रों को उनके अधिकार, संवेदना और आत्म-सम्मान का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की मानसिक या शारीरिक प्रताड़ना के विरुद्ध आवाज उठाना प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मलिक ने छात्रों को आपसी सम्मान, सहिष्णुता और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। वहां प्रस्तुत नाटक कुलदीप सिंह के निर्देशन में तैयार करवाया गया। विद्यालय में कार्यरत ड्रामा अध्यापक सुनील कुमार और संगीत अध्यापक दलजीत एवं मनवीर सिंह ने सहयोग किया। अर्थशास्त्र के प्रवक्ता अरुण कुमार ने संचालन किया।
50,000 रुपये लूट की झूठी सूचना ने पुलिस को दौड़ाया
सिरसा। शहर के जनता भवन रोड पर मंगलवार को व्यक्ति से 50,000 रुपये छीने जाने की सूचना ने पुलिस को काफी देर तक दौड़ाया। बाद में यह मामला झूठा पाया गया। दरअसल शाम को गांव अलीकां निवासी बंसी लाल ने पुलिस को सूचना दी कि दो नकाबपोश युवक उससे 50,000 रुपये छीनकर ले गए हैं। सूचना मिलने ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करा दी। शहर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सूचना देने वाले बंसीलाल से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मामला झूठा पाया गया। जांच में पता चला कि बंसीलाल का किसी से रुपयों के लेनदेन विवाद चल रहा है। शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।