हरियाणा के सिरसा में केंद्रीय गृहमंत्री रविवार को अनाज मंडी में आयोजित रैली में लोगों को संबोधित करेंगे। रैली की सफलता के लिए प्रदेश के भाजपा नेताओं व प्रशासन ने ताकत झोंक रखी है। जहां एक ओर बसों के रूट बदले गए हैं, वहीं वीवीआईपी मार्ग पर पड़ने वाले पेट्रोल पंप व सभी दुकानें बंद रहेंगी। डबवाली की तरफ जाने वाली बसों को बाईपास से निकाला जाएगा।
गृहमंत्री व अन्य वीआईपी की सुरक्षा के मद्देनजर एयरफोर्स स्टेशन सिरसा व गुरुद्वारा चिल्ला साहिब और अनाजमंडी सिरसा के बीच वीवीआईपी मार्ग पर पड़ने वाले सभी पेट्रोल पंप, सभी दुकानों/वाणिज्यिक दुकानों, सभी शराब की दुकानें व बार 18 जून को केंद्रीय मंत्री व अन्य वीआईपी की वापसी तक बंद रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक सिरसा, जिला नगर आयुक्त, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त (बिक्रीकर व एक्साइज), जिला मार्केटिंग इनफार्समेंट अधिकारी, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद व सचिव मार्केट कमेटी आदेशों की पालना सुनिश्चित करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली को लेकर यातायात पुलिस ने डबवाली की तरफ जाने वाली बसों के रूट को डायवर्ट कर दिया है। सभी बसों को हिसार रोड से महाराणा प्रताप चौक और इसके बाद बाइपास से निकाला जाएगा, ताकि डबवाली रोड और मंडी क्षेत्र में जाम की स्थिति न बनेगी। रैली स्थल पर पहुंचने वाले लोगों को भी शहर के बाइपास से डबवाली रोड और इसके बाद मंडी में पहुंचाया जाएगा। रोडवेज के ड्यूटी इंचार्ज संतलाल शर्मा ने बताया कि डबवाली, कालांवाली व डबवाली रोड के रूटों की बसों के रूट को डायवर्ट किया गया है। रैली के बाद बसों की डबवाली रूट से आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।
हिसार डिविजन के पुलिस महानिरीक्षक श्रीकांत जाधव ने बताया कि रैली स्थल व विभिन्न मार्गों पर 51 पुलिस नाके बनाए गए हैं और 32 राइडर भी तैनात रहेंगे। पैरामिलिट्री की 5 कंपनियों के साथ-साथ 3 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों को सुरक्षा की जिम्मेवारी सौंपी गई है। रैली स्थल पर वीवीआईपी पार्किंग के अलावा अन्य स्थानों पर चार पार्किंग बनाई गई है, जिसमें जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी के सामने मीडिया की पार्किंग रहेगी।
वहीं, जिलाधीश पार्थ गुप्ता ने जिले में आपराधिक प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 लागू कर दी है। इसके साथ ही गृह मंत्रालय हरियाणा द्वारा जारी अधिसूचना व ड्रोन नियमावली 2021 के तहत निर्धारित क्षेत्र में ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट कंट्रोल एयरक्राफ्ट, फ्लाइंग कैमरा, कवर्ड चोपर, हवाई कवरेज के लिए हेलीकेम उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है।
जिलाधीश ने यह आदेश 18 जून को होने वाली सिरसा रैली के मद्देनजर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के उद्देश्य से जारी किए हैं। जिलाधीश ने जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि सुरक्षा कारणों के मद्देनजर नगर परिषद सिरसा क्षेत्र के एक किलोमीटर दायरे में ड्रोन की उड़ान प्रतिबंधित की गई है। ड्रोन नियमावली 2021 के तहत निर्धारित क्षेत्र को अस्थायी रेड जोन घोषित किया गया है। ये आदेश ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों व पुलिस कर्मियों पर लागू नहीं होंगे। ये आदेश पूर्ण रूप से लागू करवाने की जिम्मेवारी पुलिस अधीक्षक सिरसा की होगी।
भाजपा के झंडे, बैनर, होर्डिंग्स से अटा शहर
रैली स्थल और शहर भाजपा के झंडों और बैनर, होर्डिंग्स से अटा पड़ा है। शनिवार दोपहर को संगठन महासचिव रविंद्र राजू, पूर्व संगठन महासचिव संदीप जोशी, प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य, गोबिंद कांडा ने रैली स्थल को निरीक्षण किया और अपनी मौजूदगी में कुछ काम करवाए। इसके साथ ही हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह, शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर, पूर्व मंत्री विपुल गोयल, मनीष ग्रोवर, मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन आदित्य चौटाला, उपायुक्त पार्थ गुप्ता व पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीणा सहित अन्य अधिकारियों ने शाम रैली स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।