सिरसा। रोडवेज निगम के चालकों की चुनाव में ड्यूटी लगने से परिवहन संचालन व्यवस्था बिगड़ गई है। चालकों की कमी के कारण दिल्ली रूट पर तीन बसें बंद कर दी गई हैं और ग्रामीण रूटों पर भी बसों के फेरे कम होने से संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे यात्री परेशान हो रहे हैं। इस कारण निगम के अधिकारियों को हर रूट पर बसें चलाने में परेशानी आ रही है। निगम के अधिकारियों के अनुसार, यह आंशिक परेशानी है और आगे इसकी परेशानी नहीं होगी।
विधानसभा चुनाव को लेकर रोडवेज की 10 बसों को चुनावी ड्यूटी में लगा दिया गया है। वहीं रोडवेज के 17 चालकों की नियमित ड्यूटी लगा दी गई है। ऐसे में निगम की परिवहन व्यवस्था बिगड़ गई है। रोडवेज निगम के कई रूट इससे प्रभावित हो रहे हैं। भादरा, कालांवाली व ग्रामीण क्षेत्रों के रूटों पर भी निगम को बारी-बारी से कम-ज्यादा करने पड़ रहे हैं। सिरसा से फतेहाबाद व हिसार के लिए जाने वाली बसों के फेरों में भी कमी आ गई है। जो बस हर आधे घंटे तक उपलब्ध थी, उन सवारियों को 1-1 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।
दिल्ली रूट पर इस समय की बसें हुईं प्रभावित
सुबह- 4:40
सुबह- 7:20
दोपहर-12:30
इसके अलावा कालांवाली, भादरा व ग्रामीण रूटों पर रेंडमवाइज भेजा जा रहा है।
मुझे किसी काम से दिल्ली जाना था, सुबह साढ़े 4 बजे जब मैं बस स्टैंड पहुंचा तो बस नहीं चली। इसके बाद मुझे 1 घंटे बाद दिल्ली के लिए बस मिली।
-राजकुमार शर्मा, सिरसा।
भादरा के लिए मुझे सिरसा से बस पकड़नी थी, लेकिन 9 बजे वाली बस मिस हो गई, इसके 3 घंटे बाद मुझे निजी बस से सफर करना पड़ा।
-हरि शर्मा
रोडवेज के 17 चालकों की ड्यूटी चुनाव कार्यालय में लगाई गई है। इसके अलावा भी हर दिन 4 से 7 अतिरिक्त चालक बुला लिए जाते हैं, जिससे बड़े व छोटे रूट प्रभावित हुए हैं।
-धर्मपाल, कार्यालय निरीक्षक, रोडवेज बस स्टैंड
बस स्टैंड पर बसों का इंतजार करती सवारियां। संवाद सिरसा। बस स्टैंड पर खड़ी बसें।