अलीकां गांव में चोरों ने बैंक में लगाई गई सेंध।
- फोटो : Sirsa
सर्दी व धुंध में चोर सक्रिय हैं, मंगलवार की रात चोरों ने गांव अलीकां में स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक की शाखा में सेंध लगाकर चोरी करने की कोशिश की। चोर बैंक की पीछे की दीवार व ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए लेकिन स्ट्रांग रूम की तिजोरी तोड़ने में सफल नहीं हो पाए। तिजोरी में करीब 11 लाख रुपये की नकदी थी जो सुरक्षित बच गई। वहीं जाते जाते चोर सीसीटीवी की डीवीआर व कैमरा ले गए।
पुलिस को दी शिकायत में बैंक प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि वे रोजमर्रा के अनुसार मंगलवार सांय करीब 5 बजे बैंक को ताला लगाकर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वे बैंक में पहुंचे तो देखा कि अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और स्ट्रांग रूम का गेट भी खुला हुआ था। जिसके बाद जब उन्होंने बैंक के पीछे की ओर जाकर देखा तो पाया कि दीवार के जंगले की खिड़की टूटी हुई थी। सूचना के बाद रोड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। बैंक प्रबंधक के मुताबिक बैंक के पिछले हिस्से की तरफ खेत पड़ते हैं। चोर वहां से दीवार में सेंध लगाकर बैंक परिसर में घुसे। जिसके बाद वे जंगले को तोड़कर बैंक के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने अंदर के ताले तोड़कर स्ट्रांग रूम के मजबूत कुंडे को तोड़कर तिजोरी को काटने की काफी कोशिश की, लेकिन सफल न होने के बाद उसे छोड़ दिया। असफल होने के बाद चोर जाते-जाते सीसीटीवी की डीवीआर व कैमरा साथ ले गए। बैंक प्रबंधक के मुताबिक तिजोरी में तकरीबन 11 लाख रुपये का कैश था तो सुरक्षित बच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद रोड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। वहीं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि बैंक प्रबंधक की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।