फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: फग्गू में मम्मड़ नहर में दरार, खेतों और ढाणियों की ओर बढ़ा पानी

Fri, 19 Jun 2026 10:59 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
मम्मड़ नहर में आई दरार के बाद खेतों में जाता पानी।
विज्ञापन
रोड़ी (सिरसा)। गांव फग्गू में शुक्रवार सुबह मम्मड़ नहर की पटरी में अचानक दरार आने से आसपास के खेतों और ढाणियों में जलभराव की स्थिति बन गई। समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता और नहरी विभाग की कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया लेकिन घटना ने एक बार फिर नहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार देर रात आए आंधी-तूफान के दौरान नहर में एक बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ के कारण पानी के बहाव में रुकावट आ गई जिससे पीछे की ओर पानी का दबाव लगातार बढ़ता गया। बढ़े हुए दबाव के चलते गांव की तरफ बनी नहर की पटरी में दरार पड़ गई।
देखते ही देखते नहरी पानी तेज गति से निचले इलाकों, खेतों और ढाणियों की ओर बहने लगा। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों ने मुनादी कर लोगों को सतर्क किया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नहरी विभाग को अवगत कराया। विभाग की ओर से तत्काल पंजाब हेड से पानी बंद करवाया गया लेकिन तब तक काफी मात्रा में पानी खेतों और आबादी क्षेत्र की ओर फैल चुका था। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर मिट्टी डालकर और अस्थायी बांध बनाकर पानी को ढाणियों में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया।
विज्ञापन

किसान मनप्रीत सिंह, बलजीत सिंह, परमजीत सिंह, मखन सिंह, परम सिंह, छिन्दर सिंह और काला सिंह ने बताया कि इसी स्थान पर पहले भी कई बार नहर टूट चुकी है। बार-बार सामने आ रही इस समस्या के कारण आसपास के किसानों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
उन्होंने नहरी विभाग से स्थायी समाधान की मांग करते हुए कमजोर पटरी को मजबूत करने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की अपील की। वहीं एसडीओ रघुवीर शर्मा ने बताया कि जिस स्थान पर दरार आई है, वहां पहले भी नहर टूट चुकी है।
मौके पर मौजूद पेड़ और कमजोर बांध के कारण रिसाव बढ़ा, जिससे पटरी क्षतिग्रस्त हुई। उन्होंने बताया कि तत्काल मिट्टी डलवाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है तथा संबंधित जेई को अतिरिक्त मिट्टी डालकर बांध को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें