पुलिस ने फर्म के मुनीम की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। फसल बेचने का झांसा देकर दो लोगों ने ऐलनाबाद की एक फर्म से 16.32 लाख रुपये उधार ले लिए। इसके बाद राशि लौटाने से मुकर गए। पुलिस ने उक्त फर्म के मुनीम की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव नीमला निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह फर्म अर्जुन राम-बीरबलराम पर मुनीम का कार्य करता है। उसने बताया कि जिला हुनमानगढ़ के गांव मेहरवाला निवासी भोला सिंह व गांव सलेमगढ़ मसानी निवासी जसविंद्र सिंह ने घरेलू जरूरतें और खेती खर्च के लिए फर्म से 16 लाख 32 हजार रुपये लिए थे। सभी रुपये उसने फर्म के मालिक से रिक्वेस्ट कर फर्म के बैंक खाते से आरटीजीएस और नकद दिए थे। दोनों ने कुछ समय बाद रुपये वापस लौटाने या फसल बेचने का झांसा दिया। काफी समय बीतने के बाद भी रुपये नहीं दिए तो दोनों को रुपये देने के लिए कहा गया तो वे मुकर गए और कहा कि हमने ठगी करनी थी, जो कर ली। आरोपियों ने उसे गालियां भी दीं। इस मामले को लेकर दो-तीन पंचायतें भी हो चुकी है, लेकिन आरोपियों ने राशि नहीं लौटाई। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।