डॉक्टर का अश्लील वीडियो बनाकर रेप का केस दर्ज करवाने के धमकी देने के मामले में आखिरकार पुलिस ने गिरोह सरगना विजय नेलसन को गिरफ्तार कर लिया।
सरगना से पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी काबू किया है। इनमें एक युवक और दो युवतियां शामिल हैं। चारों को शुक्रवार शाम सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। न्यायाधीश बलवंत सिंह ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ऐसे पकड़े गए
जांच अधिकारी रामनिवास ने बताया कि गिरोह सरगना कंगनपुर रोड निवासी विजय नेलसन को जीटीएम चौक से पकड़ा गया। विजय के साथ उसका दोस्त हिसार का सलेमगढ़ निवासी पवन कुमार पुत्र मदल लाल भी था।
विजय नेलसन के बाद गिरोह की कमान पवन के हाथों में रहती है। इसके बाद दोनों ने गिरोह के सदस्यों के बारे में बताया। इस आधार पर पुलिस ने गांव मोरीवाला में छापेमारी की। वहां पर पुलिस ने मंजीत कौर उर्फ मनु और परमजीत कौर उर्फ राज को गिरफ्तार किया।
जांच अधिकारी के अनुसार आरोपियों से 1.72 लाख रुपये की बरामदगी की गई है। इसमें से विजय नेलसन से 80 हजार, पवन कुमार से 23 हजार, मंजीत कौर से 17 हजार और परमजीत कौर से 15 हजार रुपये मिले हैं। गिरोह की एक सदस्य रेणू निवासी थेहड़ को पुलिस ने तीन दिन पूर्व गिरफ्तार कर लिया था। गिरोह का सदस्य रमेश कुमार अभी फरार है, उसके पास दो लाख रुपये पड़े हैं।
कई सफेदपोश बन चुके हैं शिकार
अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले इस गिरोह ने कई सफेदपोश लोगों को अपना शिकार बनाया है। जांच अधिकारी रामनिवास ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के सरगना विजय नेलसन और पवन कुमार ने बताया कि सिरसा, फतेहाबाद, मानसा व एनसीआर क्षेत्र में कई रईसजादों को फंसाकर उन्होंने मोटा पैसा वसूल किया है। इन लोगोें ने इज्जत बचाने के लिए पुलिस में रपट दर्ज नहीं करवाई।
यूं फंसाया था डॉक्टर को
फतेहाबाद के गांव सिरढान निवासी धर्मपाल आरएमपी है। उसने पुलिस में केस दर्ज करवाकर आरोप लगाया कि 25 मार्च को दोपहर को एक नंबर से मिस कॉल आई। बात करने पर एक युवती ने उसे अपने जाल में फंसाया और 27 मार्च को उसका अश्लील वीडियो बना लिया। गिरोह ने उसे ब्लैकमेल करके चार लाख रुपये हड़प लिए।