रानियां (सिरसा)। भाजपा केवल झूठ, फूट और लूट की राजनीति करती है। उसका एक ही सिद्धांत है कि झूठ बोलो, भाई को भाई से लड़ाकर, जाति, धर्म के नाम पर फूट डालो और जमकर लूटो। सांसद दीपेंद्र हुड्डा सोमवार रानियां विधानसभा सीट के गांव पन्नीवाला मोटा, गांव बणी, कालांवाली विधानसभा सीट के गांव सिकंदरपुर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार का केवल 2 हफ्तों का कार्यकाल बचा है। इस बार जनता भाजपा या भाजपा के वोटकाटू दलों को वोट देने की गलती नहीं करने वाली। आज पूरे प्रदेश में एक ही आवाज आ रही है कि बीजेपी जा रही है, कांग्रेस आ रही है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले बीजेपी-जेजेपी में समझौता तोड़ने का समझौता हो गया। फिर दुष्यंत चौटाला ने बयान दिया कि भाजपा के घोटालों के राज बताएंगे तो खट्टर साहब का बयान आया कि दुष्यंत चौटाला के घोटालों की जांच कराएंगे। दीपेंद्र ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 साल में हरियाणा का काफी नुकसान कर दिया है।
विकास और खुशहाली की पटरी से उतारकर बेरोजगारी, अपराध, नशाखोरी, भ्रष्टाचार में नंबर 1 प्रदेश बना दिया है। बेरोजगारी से हताश युवा आज नशे की ओवरडोज से जान गंवा रहे हैं। तो पूरे हरियाणा में अंडरऐज शूटर निकल रहे हैं, नए-नए गैंग पनप रहे हैं। भाजपा सरकार ने लोगों को प्रापर्टी आईडी, पोर्टल में उलझा दिया, तो बेरोजगारी झेल रहे हरियाणा के नौजवान को सीईटी, कच्ची भर्ती में उलझा दिया है।