सिरसा। शहर की जनता की समस्याएं सुनने के लिए नगर परिषद कार्यालय में खुला दरबार लगाया गया। इसमें भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने शिकायतें सुनीं। वहीं, खुले दरबार के आयोजन पर पूर्व पार्षदों ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने भी नगर परिषद अधिकारियों और प्रशासन पर आरोप लगाए हैं।
खुले दरबार के दौरान सबसे अधिक समस्याएं पानी, सीवरेज से संबंधित आई। इसके अलावा नगर परिषद कार्यालय से संबंधित शिकायतें लेकर आए लोगों ने अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की। रजिस्ट्री बंद होने को लेकर प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई। शिकायत कर्ताओं ने कहा कि नगर परिषद कार्यालय में लोग हंसते हुए आते हैं, लेकिन वापस रोते हुए ही जाते हैं। 10 दिन के काम के पीछे 6-6 महीने तक चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीसी पोर्टल को लेकर भी खामियां हैं। एनओसी के लिए 10 दिन की डेडलाइन है, लेकिन काम लंबे समय तक भी नहीं होते। इस पर विधायक गोपाल कांडा के भाई व भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की।
विवादों में खुला दरबार, पूर्व पार्षदों ने जताई आपत्ति
नगर परिषद कार्यालय में आयोजित किया गया खुला दरबार विवादों में आ गया है। कई शहरवासियों ने इस पर आपत्ति जताई है। निवर्तमान पार्षद विकास जैन ने कहा कि पहले जब नगर परिषद की बैठक होती थी, तब यदि किसी महिला पार्षद का प्रतिनिधि साथ चला जाता था तो उसकी सुनवाई नहीं होती थी। अधिकारियों की ओर से तर्क दिया जाता था कि केवल पार्षद ही सरकारी गतिविधियों, बैठकों में भाग ले सकता है या सरकारी काम को लेेकर बातचीत कर सकता है। अब खुला दरबार कैसे आयोजित किया गया है। इसी प्रकार निवर्तमान पार्षद विकास गुज्जर ने कहा कि ये खुला दरबार आयोजित किस क्षमता से किया गया है ये बड़ा सवाल है। यदि विधायक के प्रतिनिधि के रूप में भाजपा नेता आए हैं तो अधिकारियों ने कैसे अनुमति दी। यदि भाजपा नेता के नाते कार्यक्रम हुआ है तो, उस स्थिति में भी ये उचित नहीं है। निवर्तमान पार्षदों ने कहा कि अधिकारी दोहरा व्यवहार कर रहे हैं। एक तरफ निवर्तमान पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों की सुनते नहीं, दूसरी तरफ ये कार्यक्रम आयोजित होने दिया गया।
थेहड़ विस्थापित बोले : साहब, चार महीने से सीवरेज है, पीने के लिए नहीं है पानी
खुुले दरबार में थेहड़ से विस्थापित परिवार भी पहुंचे। परिवारों ने कहा कि थेहड़ से विस्थापित होने के बाद वे हुडा सेक्टर-19 के फ्लैट में रह रहे हैं, लेकिन आवासीय कॉलोनी में चार माह से सीवर लाइन बंद है, बिजली की समस्या है, पानी की समस्या पहले जैसी बनी हुई है। इस पर कांडा ने जनस्वास्थ्य विभाग के सीवर और पानी शाखाओं के एसडीओ को बुलाया और जल्द समाधान कराने को कहा। एसडीओ विजय कुमार ने कहा कि कल से सीवर की सफाई का काम शुरू कर दिया जाएगा। बिजली निगम के अधिकारियों ने कहा कि जो मीटर जल गए हैं उन्हें बदल दिया जाएगा।
वहीं, शिकायतकर्ता बंसीलाल ने कहा कि हाउस टैक्स बनवाने के लिए तीन साल से चक्कर काट रहा हूं पर कोई कर्मचारी सुनता ही नहीं। कांडा ने कहा कि कल मकान का हाउस टैक्स लग जाना चाहिए। शक्तिनगर के लोगों ने पीने के पानी की समस्या उठाई। महात्मा गांधी कॉलोनी के लोगों ने कहा कि खाली पड़ी जमीन पर आपराधिक प्रवृति के लोग रहते हैं वहां से कब्जा हटवाया जाए। इस पर गोबिंद कांडा ने कहा कि करीब चार एकड़ भूमि है, वहां पर मार्केट बनाने का नक्शा बनाकर प्रस्ताव सरकार को भेजा जाए।
200 शिकायतें सुनीं, अधिकतर का किया समाधान
खुला दरबार में पहले दिन करीब 200 शिकायतें रखी गई अधिकतर शिकायतों के निपटारे को अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर जनता परेशान होती है तो अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाना होगा। इस मौके पर पूर्व परिषद अध्यक्षा रीना सेठी, कार्यकारी अधिकारी संदीप मलिक, परिषद की सभी शाखाओं के कर्मचारी, कार्यकारी अभियंता प्रवीन दलाल, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ विजय कुमार, एसडीओ जगबीर सिंह, जेई रोहताश और बिजली निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी सुनीं समस्याएं
- दरबार में थेहड़ मोहल्ला की समस्या रखी गई। इसमें कहा गया कि ट्यूबवेल के लिए बोर हो चुका है पर मोटर नहीं डाली है। गोबिंद कांडा ने एसडीओ जगबीर सिंह से कहा कि एक सप्ताह में ट्यूबवेल चालू करने की व्यवस्था की जाए।
- डी ब्लाक के कृष्णचंद ने कहा कि डीड बनवाने के लिए डेढ़ साल से कार्यालय के चक्कर लगा रहा हूं। कांडा ने ईओ से कहा कि सोमवार तक इसकी समस्या का समाधान जरूर करवा दिया जाए।
- नोहरिया बाजार निवासी भीमसेन ने गली में लगे खंभे को हटवाने को कहा। गोल्डी, निवासी परमार्थ कालोनी ने कहा कि उसकी फाइल तीन माह से लटकाकर रखी हुई है ईओ से लेकर कोई कर्मचारी सुन ही नहीं रहा।
- कीर्तिनगर के लोगों ने समस्या रखी की उनके वार्ड में ट्यूबवेल तो लग गया पर बिजली कनेक्शन नहीं हुआ है। कांडा ने एसई जसवंत सिंह से फोन पर बात की तो उन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
- भाखड़ा कॉटन मिल क्षेत्र के लोगों ने कहा कि उनके आसपास के क्षेत्र की रजिस्टरी खुली हुई है। मुरब्बा नंबर 63 की बंद है, जिसे खुलवाया जाए। कांडा ने ईओ से कहा कि इस बारे में एक पत्र सरकार को लिखा जाए।
- वार्ड 30 के निवर्तमान पार्षद प्रतिनिधि कर्मजीत सिंह ने कहा कि उनके वार्ड में अधूरे विकास कार्यों को पूरा करवाया जाए, बिजली, पानी और सीवर की समस्या का समाधान करवाया जाए। कांडा ने अधिकारियों का एक सप्ताह में समस्या का समाधान करने को कहा।
नगर परिषद को विकास कार्यों के लिए मिले दस करोड़ रुपये : कांडा
गोबिंद कांडा ने कहा कि आज खुला दरबार पूरी तरह से सार्थक रहा, पहले दिन ही करीब 200 शिकायतें रखी गई। अधिकतर का समाधान हो गया, जबकि कुछ को लेकर अधिकारियों को सात दिन समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत और गड्ढे भरने के लिए 50 लाख रुपये के टेंडर हुए हैं जल्द ही कार्य होगा। एनडीसी को लेकर डीएमसी को पत्र लिखा जाएगा, ताकि 30 दिन में सर्वे पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि ईओ संदीप मलिक प्रतिदिन 11 बजे से लेकर एक बजे तक कार्यालय में मौजूद रहकर समस्याएं सुनेंगे।
देखिए, मैंने विधायक गोपाल कांडा का प्रतिनिधि होने के नाते उनकी ओर से खुला दरबार लगाया है। इसमें लोगों की समस्या का समाधान करने का ही काम किया है। इससे जनता को कोई नुकसान नहीं हुआ बल्कि लाभ ही हुआ है। जो इस पर आपत्ति जता रहे हैं, वह शायद विकास को पचा नहीं पा रहे। जनता का भला करना ही हमारा मकसद है। - गोबिंद कांडा, भाजपा नेता, सिरसा।