साप्ताहिक धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। बिश्नोई सभा, सिरसा का 52वां स्थापना दिवस 7 से 13 सितंबर तक मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में साप्ताहिक धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। सभा के प्रचार सचिव डॉ. मनीराम सहारण ने बताया कि कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डॉ. मनीराम ने बताया कि 7 से 12 सितंबर तक हरिद्वार से आए आचार्य गोविन्द शरणानन्द महाराज प्रतिदिन जम्भवाणी हरिकथा ज्ञान-यज्ञ करेंगे। इससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और धार्मिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। 12 सितंबर की रात को एक भव्य जागरण आयोजित होगा।
13 सितंबर को मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सरसाई नाथ डेरा के महंत सुन्दराईनाथ द्वारा ध्वजारोहण से होगी। इसके बाद हवन-यज्ञ और पहल होगी। सभा के संस्थापक अध्यक्ष हेतराम बैनीवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया जाएगा।
मुख्य समारोह और सम्मान
मुख्य समारोह की अध्यक्षता सभा प्रधान खेम चन्द्र बैनीवाल करेंगे। इसमें मुख्य अतिथि संजय बिश्नोई, एचसीएस और विशिष्ट अतिथि चौधरी सुधार गोदारा नीमड़ी उपस्थित रहेंगे। सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सिरसा डॉ. एम.एस. भादू भी मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सभा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और सेवक दल के सदस्य सहयोग करेंगे।